माता वैष्णो देवी की यात्रा पर आए श्रद्धालुओं को एक बार फिर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भारी बारिश के कारण वैष्णो देवी का नया हिमकोटि मार्ग भूस्खलन की चपेट में आ गया है, जिससे यात्रा मार्ग अवरुद्ध हो गया है। इस साल यह तीसरी बार है जब इसी मार्ग को बंद करना पड़ा है।
30 फीट मलबे ने रोका रास्ता, सेवाएं अस्थायी रूप से स्थगित
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के अनुसार, भारी बारिश के चलते पहाड़ियों से भारी मात्रा में मलबा और बड़े पत्थर गिरने से लगभग 30 फीट क्षेत्र में मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। सुरक्षा कारणों से बैटरी कार, केबल कार और हेलीकॉप्टर सेवाओं को फिलहाल अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
यात्रियों को पुराने मार्ग से भेजा जा रहा, राहत कार्य तेज
श्राइन बोर्ड और स्थानीय प्रशासन की टीमें राहत और निकासी अभियान में जुट गई हैं। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यात्रा को पुराने पारंपरिक मार्ग पर मोड़ दिया गया है। एक अधिकारी ने बताया, “टीमें युद्ध स्तर पर मलबा हटाने का कार्य कर रही हैं। यात्रियों से अनुरोध है कि वे केवल अधिकृत मार्गों का ही उपयोग करें और मौसम संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन करें।”
किसी प्रकार की जनहानि नहीं, सतर्कता बरतने की अपील
रियासी जिले की त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित इस तीर्थस्थल पर भूस्खलन की यह घटना सोमवार को हुई। अधिकारियों के मुताबिक, घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मैदान पर अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया गया है, ताकि यात्रियों को उचित मार्गदर्शन और सहायता मिल सके।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस


