इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन यानी आईपीएल 2026 की नीलामी की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। इस बार का मिनी ऑक्शन 16 दिसंबर को अबू धाबी में होगा, जिसके लिए दुनिया भर के 1390 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। स्क्रीनिंग के बाद कुल 350 खिलाड़ियों को अंतिम सूची में जगह मिली है। इसमें 240 भारतीय और 110 विदेशी क्रिकेटर शामिल हैं। खास बात यह कि पिछले मेगा ऑक्शन में अनसोल्ड रहे ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ भी इस बार उपलब्ध रहेंगे।
240 भारतीय, 110 विदेशी खिलाड़ी ऑक्शन में शामिल
आईपीएल की ओर से जारी अंतिम सूची में दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक भी शामिल हैं, जो हाल ही में सीमित ओवरों में वापसी कर चुके हैं। उनका बेस प्राइज एक करोड़ रुपये रखा गया है। वहीं स्टीव स्मिथ का बेस प्राइस दो करोड़ रुपये है और वे 2021 के बाद पहली बार नीलामी का हिस्सा बनेंगे।
कुल 1390 खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन में से स्क्रीनिंग कर 1005 नाम तय किए गए थे, जिनमें से 350 खिलाड़ियों को अंतिम रूप से नीलामी सूची में रखा गया है। 10 फ्रेंचाइजी मिलकर अधिकतम 77 खिलाड़ी खरीद सकती हैं।
पहले सेट में पृथ्वी शॉ और सरफराज खान
नीलामी के पहले सेट में भारतीय बल्लेबाज पृथ्वी शॉ और सरफराज खान शामिल हैं। दोनों का बेस प्राइज 75 लाख रुपये है। शॉ 2018-2024 तक आईपीएल खेल चुके हैं, जबकि सरफराज 2021 के बाद टूर्नामेंट में नहीं खेले।
सूची में ऑस्ट्रेलिया के कैमरन ग्रीन और जेक फ्रेजर मैकगर्क, न्यूजीलैंड के पूर्व सीएसके ओपनर डेवॉन कॉनवे और दक्षिण अफ्रीका के डेविड मिलर जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इन सभी का बेस प्राइज दो करोड़ रुपये है।
कैमरन ग्रीन पर लग सकती है सबसे बड़ी बोली
केकेआर द्वारा रिलीज किए गए ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर भी दो करोड़ रुपये के बेस प्राइज के साथ उतरे हैं। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के स्टार प्लेयर्स कुणाल चंदेला और अशोक कुमार भी सूची में शामिल हैं। केकेआर 64.3 करोड़ रुपये की उपलब्ध राशि के साथ नीलामी में सबसे मजबूत स्थिति में है, जबकि सीएसके के पास 43.4 करोड़ रुपये बचे हैं।
इंग्लैंड के 21, ऑस्ट्रेलिया के 19, दक्षिण अफ्रीका के 15, वेस्टइंडीज के 9, श्रीलंका के 12, न्यूजीलैंड के 16 और अफगानिस्तान के 10 खिलाड़ी अंतिम सूची में शामिल हुए हैं। अफगान खिलाड़ियों में रहमानुल्लाह गुरबाज और नवीन उल हक प्रमुख नाम हैं।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस


