रूद्रपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उधमसिंहनगर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्पावत के संयुक्त तत्वावधान में 21 दिसंबर, रविवार को टनकपुर के गांधी मैदान में एक दिवसीय बहुउद्देशीय विधिक सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर प्रातः 09:30 बजे से सायं 04:00 बजे तक संचालित रहेगा।
सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति की रहेगी गरिमामयी उपस्थिति
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव योगेन्द्र कुमार सागर ने बताया कि उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल से प्राप्त निर्देशों के क्रम में माननीय जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊधमसिंहनगर के निर्देशन में यह शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर में माननीय न्यायमूर्ति एन. कोटिस्वर सिंह, न्यायाधीश, सर्वोच्च न्यायालय, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उनके साथ माननीय मुख्य न्यायाधीश/प्रमुख संरक्षक तथा माननीय कार्यपालक अध्यक्ष, उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल भी मौजूद रहेंगे।
नालसा योजनाओं के तहत मिलेगा विशेष लाभ
शिविर में विशेष रूप से उधमसिंहनगर एवं चम्पावत जनपद में निवासरत सेवानिवृत्त रक्षा बल, केंद्रीय सशस्त्र बलों के कर्मी, वीर परिवार तथा कमजोर जनजातीय समूहों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इस दौरान नालसा (वीर परिवार सहायता योजना) 2025 तथा नालसा (संवाद) योजना 2025 के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को विधिक सहायता एवं योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा। शिविर में उधमसिंहनगर जनपद में निवासरत थारू जनजाति समुदाय द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी जाएगी, जिससे स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।
सरकारी योजनाओं के लिए लगेंगे विभागीय स्टॉल
बहुउद्देशीय शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, आधार कार्ड, परिवार रजिस्टर की नकल सहित अन्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। श्रम विभाग द्वारा असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का पंजीकरण व नवीनीकरण किया जाएगा, जबकि समाज कल्याण विभाग द्वारा केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से आमजन को लाभान्वित किया जाएगा।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
