क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था आईसीसी ने खेल के नियमों में बड़े बदलाव किए हैं। इन बदलावों का मकसद बल्लेबाज और गेंदबाज के बीच संतुलन बनाए रखना है। टेस्ट क्रिकेट में ये नियम 17 जून से लागू हो चुके हैं, जो बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच सीरीज से शुरू हुए हैं। वहीं वनडे में 2 जुलाई और टी20 में 10 जुलाई से ये बदलाव प्रभावी होंगे।
अब दो नहीं, एक ही गेंद से होगी वनडे की दूसरी हाफ
अभी तक वनडे मैचों में दोनों सिरों से गेंदबाजी के लिए दो नई गेंदों का इस्तेमाल होता था। लेकिन अब 2 जुलाई से इस नियम को बदल दिया गया है।
- अब 34वें ओवर के बाद केवल एक गेंद से ही मैच पूरा होगा।
- गेंद का चयन गेंदबाजी टीम करेगी।
- अगर किसी कारण से मैच 25 ओवर या उससे कम का होता है, तो पूरी पारी में केवल एक ही गेंद का इस्तेमाल होगा।
सब्स्टीट्यूट खिलाड़ियों को लेकर भी सख्त नियम
आईसीसी ने खिलाड़ियों की अदला-बदली (सब्स्टीट्यूट) को लेकर भी नया सिस्टम लागू किया है।
अब मैच शुरू होने से पहले ही टीम को पांच संभावित रिप्लेसमेंट खिलाड़ियों की सूची देनी होगी।
इन पांच पोजिशन में होंगे:
- एक विकेटकीपर
- एक बल्लेबाज
- एक तेज गेंदबाज
- एक स्पिनर
- एक ऑलराउंडर
अगर कोई खिलाड़ी चोटिल होता है, तो उसी पोजिशन का खिलाड़ी उसकी जगह ले सकेगा। उदाहरण के तौर पर तेज गेंदबाज की जगह केवल तेज गेंदबाज ही ले सकता है, ऑलराउंडर नहीं। आईसीसी के ये नए नियम खेल को और अधिक निष्पक्ष और प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में एक कदम हैं। खिलाड़ियों की रणनीति, टीम चयन और मैच की दिशा अब इन बदलावों से काफी प्रभावित होगी।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
