दिल्ली से पेरिस जा रहा एअर इंडिया का एक और फ्लाइट क्यों हुईं कैंसिल जानें जी, हां भारतीय एयरलाइन कंपनी एअर इंडिया की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में तकनीकी खामियों की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला 17 जून (मंगलवार) का है, जब दिल्ली से पेरिस जाने वाली फ्लाइट AI143 को अचानक रद्द कर दिया गया। यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
उड़ान से पहले जांच में सामने आई तकनीकी समस्या
एयर इंडिया की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि AI143 ड्रीमलाइनर विमान में उड़ान से पहले की आवश्यक जांच के दौरान तकनीकी समस्याएं पाई गईं। सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए तुरंत फ्लाइट को रद्द करने का निर्णय लिया गया। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि पेरिस के चार्ल्स डी गॉल (CDG) एयरपोर्ट पर लागू नाइट ऑपरेशन बैन के चलते उड़ान को दोबारा शेड्यूल करना संभव नहीं हो पाया, जिसके कारण रद्दीकरण जरूरी हो गया।
यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था और फुल रिफंड
एयर इंडिया ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद प्रकट किया है। कंपनी ने बयान में कहा, “हम यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था कर रहे हैं।” इसके साथ ही, यात्रियों को होटल में ठहरने की सुविधा, फ्लाइट रीशेड्यूलिंग का विकल्प और टिकट कैंसिल करने पर पूर्ण रिफंड की पेशकश की गई है। कंपनी ने यात्रियों को भरोसा दिलाया है कि तकनीकी दिक्कत की पूरी जांच की जा रही है और उड़ानों की सुरक्षा में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी।
लगातार तकनीकी दिक्कतें बनी चिंता का कारण
गौरतलब है कि हाल के महीनों में एयर इंडिया की कई फ्लाइट्स में तकनीकी खामियों की खबरें सामने आ चुकी हैं। इस तरह की घटनाएं न केवल कंपनी की विश्वसनीयता पर सवाल खड़ा करती हैं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय उड्डयन की छवि पर भी असर डालती हैं। उम्मीद की जा रही है कि एयर इंडिया जल्द ही अपनी सेवाओं में सुधार करते हुए यात्रियों का भरोसा फिर से बहाल करेगी।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस


