हल्द्वानी में गुरुवार सुबह सामने आए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड ने पूरे कुमाऊं क्षेत्र को हिला कर रख दिया। बरेली रोड स्थित मंडी परिसर के भीतर एक युवक और युवती के शव सिर कुचली अवस्था में मिलने से इलाके में दहशत फैल गई। घटना सुनसान मंडी क्षेत्र में रात के अंधेरे में अंजाम दी गई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
मृतकों की पहचान, दो जिलों से जुड़ा मामला
पुलिस जांच और परिजनों से पूछताछ के बाद युवती की पहचान लक्ष्मी (19 वर्ष), निवासी तल्ली पोखरी, नैनीताल के रूप में हुई है। युवक की पहचान शुभम कुमार टम्टा (31 वर्ष), निवासी तल्ला खोल्टा, अल्मोड़ा के रूप में की गई है। मामला नैनीताल और अल्मोड़ा जिलों से जुड़ने के कारण और संवेदनशील हो गया है।
घटनास्थल से मिले अहम सुराग
- सूचना मिलते ही पुलिस ने मंडी परिसर को सील कर दिया।
- फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
- दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
- जांच के दौरान मृतक शुभम के पास से एक इलेक्ट्रॉनिक सिगार (ई-सिगार) बरामद हुई है।
- इसके अलावा घटनास्थल से कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी मिली है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।
- पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है।
- सूत्रों के मुताबिक, जिस बर्बरता से दोनों के सिर कुचले गए, उससे आशंका जताई जा रही है कि वारदात में दो से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं।
- पुलिस आपसी संबंध, रंजिश और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है।
परिवारों में मातम, कई लोग हिरासत में
शुभम छह भाई-बहनों में से एक था और उसके माता-पिता का निधन हो चुका है। वहीं लक्ष्मी बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा थी और एक मेडिकल स्टोर में काम करती थी। नौकरी और पढ़ाई के कारण वह परिवार से अलग रह रही थी। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। कॉल डिटेल, सीसीटीवी फुटेज और बरामद साक्ष्यों के आधार पर कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।फिलहाल पूरे शहर की नजर इस सवाल पर टिकी है— आखिर मंडी की उस खौफनाक रात में क्या हुआ था?
इसे भी पढे: देहरादून में फिर से एक बड़ा हादसा होने से टला, लड़की को आई करछी से चोट
हमारे फेबुकपेज से जुडने के लिए क्लिक करें

