अभिज्ञान कुंडू की अगुवाई में भारत अंडर-19 टीम ने इंग्लैंड अंडर-19 को तीसरे यूथ वनडे इंटरनेशनल में 4 विकेट से हरा दिया। 5 मैचों की सीरीज में यह भारत की दूसरी जीत रही। इस जीत के हीरो रहे महज 14 साल के बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी, जिन्होंने अपने आक्रामक खेल से इंग्लिश गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं।
वैभव ने 31 गेंदों में 86 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 9 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। वह केवल 14 रन से अपने पहले शतक से चूक गए, लेकिन इस दौरान उन्होंने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए।
ऋषभ पंत का रिकॉर्ड तोड़ने से चूके, लेकिन रचा नया इतिहास
वैभव ने 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर यूथ वनडे इंटरनेशनल में भारत के लिए दूसरा सबसे तेज पचासा जड़ दिया। इस मामले में वह ऋषभ पंत से पीछे रह गए, जिन्होंने 2016 में नेपाल के खिलाफ 18 गेंद में पचासा लगाया था। हालांकि, वैभव ने एक और बड़ा कीर्तिमान कायम किया — यूथ वनडे की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए। उन्होंने इस मैच में 9 छक्के लगाकर राज बावा और मनदीप सिंह के 8-8 छक्कों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया।
भारतीय बल्लेबाजों द्वारा यूथ वनडे की पारी में सबसे ज्यादा छक्के
- 9 छक्के — वैभव सूर्यवंशी बनाम इंग्लैंड, 2025
- 8 छक्के — राज बावा बनाम जिम्बाब्वे, 2022
- 8 छक्के — मनदीप सिंह बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2009
- 7 छक्के — अंकुश बैंस बनाम जिम्बाब्वे, 2013
भारत की इस जीत से सीरीज में मेहमान टीम पर दबाव बढ़ गया है। अगला मुकाबला अब निर्णायक साबित हो सकता है।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस

