खबर संसार रुद्रपुर।रुद्रपुर में सुपरटेक की इतनी अचल संपत्ति होंगी कुर्क! जी हा रियल एस्टेट समूह सुपरटेक और उसके निदेशकों से संबंधित 40 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति धन शोधन निरोधक कानून के तहत कुर्क कर ली गई। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।
रुद्रपुर में सुपरटेक की इतनी अचल संपत्ति होंगी कुर्क
केंद्रीय एजेंसी ने कहा,‘उत्तराखंड के रुद्रपुर में स्थित 25 अचल संपत्तियों और उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर में ‘मेरठ मॉल’ को कुर्क करने के लिए मंगलवार को धन शोधन रोकथाम अधिनियम के प्रावधानों के तहत एक आदेश जारी किया गया था। इसमें कहा गया है कि कुर्क की गई संपत्तियों की कुल कीमत 40.39 करोड़ रुपये आंकी गई है।
दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश की पुलिस ने सुपरटेक समूह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की हैं, जिनके आधार पर रियल स्टेट कंपनी के खिलाफ धन शोधन का मामला सामने आया है। ईडी के अनुसार आरोप है कि कंपनी और इसके निदेशकों ने रियल एस्टेट परियोजनाओं के फ्लैट बुक करवा कर संभावित खरीदारों से धन एकत्र कर लोगों को धोखा देने के लिए ‘आपराधिक साजिश’ रची और समय पर फ्लैट का कब्जा प्रदान करने के दायित्वों का पालन करने में विफल रहे।जांच में पता चला है कि सुपरटेक लिमिटेड एवं समूह की कंपनियों ने फ्लैटों के निर्माण के लिए बैंकों से सर्वाधिक ऋण भी लिया।


