नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में आज सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई जब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हमला कर दिया गया। यह घटना उनके आवास पर हुई जहां वे जनता की समस्याएं सुन रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक शख्स ने बातचीत के दौरान अचानक सीएम को थप्पड़ जड़ दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी
हमलावर की पहचान राजेश खिमजी सकारिया के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में लेकर पुलिस लाइन्स थाने में पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, थप्पड़ लगने के बाद सीएम का सिर पास रखी वस्तु से टकरा गया, जिससे उन्हें हल्की चोटें आईं। फिलहाल डॉक्टरों ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
चश्मदीदों के बयान
घटना स्थल पर मौजूद शैलेंद्र कुमार ने बताया कि वे सीवर समस्या को लेकर मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे थे तभी अचानक यह हमला हुआ। वहीं, एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी अंजलि ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है क्योंकि जनसुनवाई आम जनता का अधिकार है और ऐसी घटनाएं गंभीर सुरक्षा सवाल खड़े करती हैं।
विपक्ष और नेताओं की प्रतिक्रिया
दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आप नेता आतिशी ने ट्वीट कर घटना की निंदा की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध और असहमति की जगह है, लेकिन हिंसा की कोई जगह नहीं। वहीं, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भी घटना को निंदनीय करार देते हुए कहा कि सीएम मजबूत महिला हैं और उनकी हालत स्थिर है। सचदेवा ने भरोसा दिलाया कि जनसुनवाई का सिलसिला जारी रहेगा।
पुलिस की जांच जारी
फिलहाल दिल्ली पुलिस ने मामले की विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन जांच तेज कर दी गई है। माना जा रहा है कि जल्द ही हमले के पीछे की वजह और आरोपी की मंशा को लेकर आधिकारिक बयान सामने आएगा।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
