रुद्रपुर। उत्तराखंड के रुद्रपुर शहर के लिए गर्व का क्षण है, जब यहां के तीन होनहार खिलाड़ी 3rd एशियन जूनियर पेंचक सिलाट चैंपियनशिप 2025 में भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 25 से 30 अक्टूबर 2025 तक शेर-ए-कश्मीर इंडोर स्पोर्ट्स स्टेडियम, श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर में आयोजित होगी।
चयनित खिलाड़ी और कोच की भूमिका
भारत की ओर से चयनित खिलाड़ियों में ब्रिजेश राजपूत, दिवागम सिंह और अंचल वर्मा शामिल हैं। इन खिलाड़ियों के चयन पर पूरे उत्तराखंड में उत्साह का माहौल है। पेंचक सिलाट एसोसिएशन उत्तराखंड के महासचिव एवं कोच बब्लू दिवाकर ने बताया कि यह उपलब्धि राज्य के लिए गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।
कठोर अभ्यास से बनी पहचान
कोच दिवाकर ने जानकारी दी कि इन खिलाड़ियों ने दिवाकर स्पोर्ट्स एंड फिटनेस एकेडमी में लगातार 6 से 8 घंटे प्रतिदिन अभ्यास किया। इसी कठोर मेहनत और अनुशासन के कारण उन्हें राष्ट्रीय स्तर से एशियन चैंपियनशिप तक पहुंचने का अवसर मिला।
एशिया के 21 देशों से होंगे प्रतिभागी
इस प्रतियोगिता में एशिया के 21 देशों के 500 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे। सभी प्रतिभागी 23 अक्टूबर को श्रीनगर पहुंचेंगे। यहां भारत सहित कई देशों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन करेंगे। उत्तराखंड पेंचक सिलाट संघ को उम्मीद है कि रुद्रपुर के खिलाड़ी इस चैंपियनशिप में पदक जीतकर प्रदेश और देश दोनों का मान बढ़ाएंगे।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस


