आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम ज़िले के काशीबुग्गा कस्बे में शनिवार को स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में एक भीषण भगदड़ की घटना हुई, जिसमें कम से कम नौ श्रद्धालुओं की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। यह हादसा एकादशी के शुभ अवसर पर तब हुआ, जब मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुँचे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़ अचानक बढ़ने और श्रद्धालुओं के बीच धक्का-मुक्की के कारण भगदड़ मच गई। कई लोग गिर पड़े और कुछ कुचल गए। हादसे के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुँचकर घायलों को नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।
मैं पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूँ: सीएम
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस त्रासदी पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा वेंकटेश्वर मंदिर में मची भगदड़ ने मुझे गहरा दुख पहुँचाया है। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में श्रद्धालुओं की मृत्यु अत्यंत हृदयविदारक है। मैं पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूँ।”
सीएम ने अधिकारियों को तुरंत राहत कार्यों की निगरानी करने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी घटनास्थल का दौरा कर स्थिति पर रिपोर्ट देने को कहा गया है।
राज्य के कृषि मंत्री के. अत्चन्नायडू भी मौके पर पहुँचे और मंदिर प्रशासन से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और आगे किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके। यह हादसा एक बार फिर धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर कमी की ओर इशारा करता है।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
