ऑफिस के काम में अलग-अलग ऐप और सॉफ्टवेयर के बीच बार-बार स्विच करने की परेशानी अब कम हो सकती है। भारत की दिग्गज SaaS कंपनी Zoho ने Zia Chat लॉन्च किया है, जो अलग-अलग बिजनेस एप्स से डेटा एक जगह उपलब्ध कराएगा। कंपनी ने 7 उद्योगों के लिए खास सॉफ्टवेयर भी पेश किए हैं।
एक चैट में मिलेंगी कई बिजनेस एप्स की जानकारियां
चेन्नई बेस्ड सॉफ्टवेयर कंपनी Zoho ने Zia Chat नाम का नया AI इंटरफेस लॉन्च किया है। इसके जरिए कर्मचारी एक ही चैट बॉक्स में बातचीत करके अलग-अलग बिजनेस एप्स से जानकारी निकाल सकेंगे और काम शुरू कर सकेंगे। कंपनी के अनुसार, इसका उद्देश्य कर्मचारियों के लिए काम को आसान बनाना है।
ऐप बदलने की परेशानी को खत्म करने पर जोर
Zoho के सह-संस्थापक और चीफ साइंटिस्ट श्रीधर वेम्बू ने कहा कि कर्मचारी काफी समय एक एप से दूसरे एप में जाने, मेनू तलाशने और अलग-अलग सिस्टम में काम करने में खर्च करते हैं। उन्होंने इसे “इंटरफेस क्राइसिस” बताया। उनके अनुसार, Zia Chat “फ्रिक्शन-फ्री वर्क” का अनुभव देने की दिशा में कदम है।
श्रीधर वेम्बू ने AI को “Ubiquitous Intelligence” यानी हर जगह और हर समय मौजूद बुद्धिमत्ता के रूप में बताया। Zia Chat बिजनेस एप्स और AI मॉडल्स को एक साथ लाता है। इससे सवाल पूछने, डॉक्यूमेंट तैयार करने और चैट के जरिए काम शुरू करने जैसे कार्य किए जा सकते हैं।
ईमेल से प्रेजेंटेशन तक, श्रीधर वेम्बू ने बताया अनुभव
श्रीधर वेम्बू ने बताया कि अमेरिका से Zoho में नौकरी के लिए आए एक ईमेल के भेजने वाले का नाम याद नहीं था। Zia Chat ने 3 से 4 सही विकल्प सामने रख दिए। इसके अलावा प्रेजेंटेशन के लिए डेटा ढूंढना, चार्ट बनाना और उसे स्लाइड में डालना भी इसके जरिए किया जा सकता है।
डेटा सुरक्षा के साथ 7 उद्योगों के लिए सॉफ्टवेयर
Zia Chat केवल उसी डेटा तक पहुंचता है, जिसकी अनुमति यूजर के पास है। किसी नए काम या बदलाव से पहले AI यूजर से पुष्टि लेगा। Zoho अपने AI मॉडल्स को प्रशिक्षित करने के लिए यूजर के डेटा का इस्तेमाल नहीं करेगा। कंपनियां कमर्शियल AI, ओपन-सोर्स AI या Zoho के AI मॉडल का विकल्प चुन सकती हैं।
Zoho ने रीटेल, ऑटोमोटिव, फाइनेंशियल सर्विसेज, हेल्थकेयर, एजुकेशन, रियल एस्टेट और रेस्तरां के लिए Vertical SaaS समाधान भी पेश किए हैं। इनमें डीलर मैनेजमेंट, लोन प्रोसेसिंग, क्लिनिकल डॉक्यूमेंटेशन और एकेडमिक-एडमिनिस्ट्रेटिव मैनेजमेंट जैसे सॉफ्टवेयर शामिल हैं।
10 प्वाइंट में समझें Zoho Zia Chat की खास बातें
- Zoho ने Zia Chat लॉन्च किया है।
- यह एक AI इंटरफेस के रूप में काम करता है।
- एक चैट से अलग-अलग बिजनेस एप्स का डेटा मिल सकता है।
- Zia Chat डॉक्यूमेंट तैयार करने में मदद कर सकता है।
- इससे सीधे चैट के जरिए काम शुरू किया जा सकता है।
- यूजर की अनुमति वाले डेटा तक ही इसकी पहुंच होगी।
- बदलाव से पहले AI यूजर से पुष्टि लेगा।
- Zoho डेटा का इस्तेमाल अपने AI मॉडल्स की ट्रेनिंग में नहीं करेगा।
- कंपनी ने 7 उद्योगों के लिए Vertical SaaS समाधान पेश किए हैं।
- Zoho का लक्ष्य किफायती कीमत पर उद्योग-विशिष्ट सॉफ्टवेयर उपलब्ध कराना है।






