राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट के दौरान शुक्रवार को अचानक हंगामे की स्थिति बन गई। कार्यक्रम के एक हॉल में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कुछ युवाओं ने अपनी कमीजें उतारकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रदर्शनकारी अपनी शर्ट हवा में लहराते हुए अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते का विरोध कर रहे थे।
अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर नाराजगी
बताया जा रहा है कि प्रदर्शन में शामिल लोग भारतीय युवा कांग्रेस से जुड़े थे। उनका आरोप है कि अमेरिका के साथ हुए नए व्यापार समझौते में भारत को अपेक्षित लाभ नहीं मिला। विपक्षी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पहले से ही इस समझौते को लेकर सवाल उठाती रही है। पार्टी का कहना है कि सरकार ने देशहित के बजाय जल्दबाजी में फैसला लिया है।
पुलिस की कार्रवाई, थाने ले जाए गए प्रदर्शनकारी
घटना के बाद मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप किया। पुलिस ने प्रदर्शन में शामिल लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन भेज दिया। दिल्ली पुलिस ने पुष्टि की है कि मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा नियमों का उल्लंघन गंभीर मामला है और एफआईआर दर्ज किए जाने की प्रक्रिया चल रही है।
भाजपा का पलटवार
विरोध प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए AI का मतलब ‘महत्वाकांक्षी भारत’ या ‘कृत्रिम बुद्धिमत्ता’ नहीं, बल्कि ‘भारत-विरोध’ है। उन्होंने आरोप लगाया कि दुनिया भर में सराहे जा रहे AI शिखर सम्मेलन का विरोध करना देश की उपलब्धियों का विरोध है।
अंतरराष्ट्रीय हस्तियों ने की सराहना
इस AI समिट की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा हो रही है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस, OpenAI के प्रमुख सैम ऑल्टमैन और Google के CEO सुंदर पिचाई जैसे वैश्विक नेताओं ने भी इस पहल की सराहना की है। भाजपा का कहना है कि ऐसे आयोजन भारत की वैश्विक छवि को मजबूत करते हैं, जबकि विपक्ष इसे राजनीतिक मुद्दा बना रहा है।
इसे भी पढे: देहरादून में फिर से एक बड़ा हादसा होने से टला, लड़की को आई करछी से चोट
हमारे फेबुकपेज से जुडने के लिए क्लिक करें



