यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह के पास एक कार्गो जहाज पर मिसाइल हमले में मारे गए देवरिया के 22 वर्षीय अभिषेक निषाद का शव घटना के 34 दिन बाद रविवार को भारत पहुंचा। निषाद का शव कर्नाटक के अखिल जोयन के शव के साथ मोल्दोवा के रास्ते भारत लाया गया।
ट्रांसपोर्ट कंपनी की प्रतिनिधि प्रतिज्ञा त्रिपाठी ने फोन पर बताया कि नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचने के बाद, निषाद का परिवार सुबह करीब 8 बजे देवरिया में उनके पैतृक गांव करमेल के लिए रवाना हुआ। मृतक ‘गोल्डन लियो’ कार्गो जहाज पर क्रू मेंबर के तौर पर काम कर रहा था। त्रिपाठी ने बताया कि वह 10 जुलाई को वाराणसी से मुंबई पहुंचे और तुर्की होते हुए यात्रा करने के बाद 11 जुलाई को जहाज पर सवार हुए।
यह जहाज मक्का के लिए कार्गो ले जा रहा था, तभी 19 जुलाई को ओडेसा बंदरगाह के पास उस पर मिसाइल हमला हुआ। इस हमले में मारे गए भारतीय क्रू मेंबर में निषाद भी शामिल थे। कंपनी की प्रतिनिधि ने बताया कि हमले में उनका शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और पीड़ितों की उम्र एक जैसी होने के कारण सामान्य प्रक्रियाओं से उनकी पहचान नहीं हो सकी।
इसके बाद DNA टेस्ट किए गए और सैंपल मैच होने पर निषाद की पहचान की पुष्टि हुई। उनके शव को कीव के बोरिस्पिल इंटरनेशनल एयरपोर्ट से मोल्दोवा के चिसिनाउ इंटरनेशनल एयरपोर्ट ले जाया गया और फिर वहां से नई दिल्ली लाया गया। ट्रांसपोर्ट कंपनी ने दिल्ली से करमेल तक शव ले जाने के लिए एम्बुलेंस का इंतजाम किया है, जहां इसके रविवार देर रात पहुंचने की उम्मीद है।
त्रिपाठी ने बताया कि ओडेसा के पास 19 जुलाई को हुए मिसाइल हमले में 4 भारतीय क्रू मेंबर की मौत की पुष्टि हुई थी। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय ने केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान का ध्यान निषाद के शव को भारत लाने में हो रही देरी की ओर दिलाया था।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि DNA टेस्टिंग और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद, निषाद की मौत के 34 दिन बाद आखिरकार उनका शव उनके पैतृक गांव पहुंचाया जा रहा है।






