फ्री टीवी का लालच देकर करोड़ों की ठगी! क्या निखिल कामथ से है कनेक्शन? जी, हां हाल ही में एक नई स्कीम सोशल मीडिया और यूट्यूब पर खूब वायरल हुई, जिसमें दावा किया गया कि एक स्टार्टअप कंपनी ग्राहकों को सिर्फ ₹499 की सब्सक्रिप्शन पर 43 इंच का स्मार्ट टीवी दे रही है। कंपनी का नाम ‘WishWorth’ बताया गया। वेबसाइट और इन्फ्लुएंसर मार्केटिंग के जरिए लोगों को यह भरोसा दिलाया गया कि यह एक भरोसेमंद स्कीम है और इसके पीछे बड़े नाम भी शामिल हैं।
लाखों लोग बने शिकार
WishWorth ने अपने ऑफर में दावा किया था कि ₹499 में सब्सक्रिप्शन लेकर ग्राहक को 43 इंच स्मार्ट टीवी घर बैठे मिलेगा, जिसमें OTT प्लेटफॉर्म्स की फ्री एक्सेस भी दी जाएगी। यह स्कीम तेजी से वायरल हुई और लाखों लोगों ने वेबसाइट के ज़रिए पेमेंट कर दिया। लेकिन कुछ ही समय बाद वेबसाइट बंद हो गई और कंपनी के सभी सोशल मीडिया हैंडल्स भी गायब हो गए। ग्राहकों को न तो टीवी मिला और न ही कोई रिफंड।
निखिल कामथ का नाम कैसे आया सामने?
सोशल मीडिया पर कई पोस्ट्स और वीडियो में दावा किया गया कि इस कंपनी से Zerodha के को-फाउंडर निखिल कामथ का नाम जुड़ा हुआ है। हालांकि निखिल कामथ ने इस पर सफाई देते हुए कहा कि उनका इस स्कैम से कोई लेना-देना नहीं है और उनके नाम का दुरुपयोग किया गया है। उन्होंने ट्वीट कर लोगों को चेतावनी दी कि वे ऐसे फ्रॉड ऑफर्स से सावधान रहें।
पुलिस जांच और साइबर फ्रॉड का अलर्ट
अब इस पूरे मामले में साइबर क्राइम सेल की एंट्री हो चुकी है। कई राज्यों में शिकायतें दर्ज की गई हैं। पुलिस यह जांच कर रही है कि इस स्कैम के पीछे कौन है और कितना पैसा हड़पा गया है। साथ ही आम लोगों को सलाह दी जा रही है कि किसी भी ऐसी स्कीम पर आंख बंद कर भरोसा न करें, जो हद से ज्यादा अच्छी लगे।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस




