अगर आप चांदी में निवेश करते हैं या आने वाले समय में सिल्वर ज्वेलरी खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए अहम है। केंद्र सरकार ने कीमती धातुओं के आयात को लेकर बड़ा कदम उठाया है। सोने के बाद अब चांदी के आयात नियमों को भी कड़ा कर दिया गया है, जिससे घरेलू बाजार में चांदी की कीमतों पर असर पड़ सकता है। जिसका सीधा असर आम जनता की जब पर पड़ेगा।
16 मई 2026 से लागू हुआ नया नियम
सरकार ने 99.9 फीसदी शुद्धता वाली चांदी की सिल्लियों और अन्य अर्ध-निर्मित सिल्वर प्रोडक्ट्स को प्रतिबंधित श्रेणी में डाल दिया है। यह फैसला 16 मई 2026 से लागू हो चुका है। अब इन उत्पादों का आयात पहले की तरह आसान नहीं रहेगा। जानकारी के मुताबिक, पिछले साल भारत के कुल चांदी आयात में इन उत्पादों की हिस्सेदारी लगभग 90 प्रतिशत रही थी। ऐसे में नए नियम का सीधा असर सिल्वर ट्रेड और ज्वेलरी इंडस्ट्री पर पड़ सकता है।
क्यों लिया यह बड़ा फैसला?
सरकार का मुख्य उद्देश्य बढ़ते आयात खर्च को नियंत्रित करना है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिडिल ईस्ट तनाव, मजबूत डॉलर और कमजोर रुपये की वजह से भारत का आयात बिल लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में सरकार विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम करना चाहती है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह फैसला केवल चांदी तक सीमित नहीं है, बल्कि डॉलर की निकासी को नियंत्रित करने की बड़ी रणनीति का हिस्सा है।
चांदी आयात पर रिकॉर्ड खर्च
व्यापार मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में भारत ने चांदी आयात पर करीब 12 अरब डॉलर खर्च किए। जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह आंकड़ा 4.8 अरब डॉलर था। यानी सिर्फ एक साल में चांदी आयात खर्च में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई। तो वहीं, अप्रैल 2026 में चांदी आयात में 157 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली। पिछले साल इसी अवधि में आयात का आंकड़ा 411 मिलियन डॉलर था। भारत मुख्य रूप से United Arab Emirates, United Kingdom और China से चांदी आयात करता है।
क्या पूरी तरह बंद हो गया चांदी आयात?
कमोडिटी मार्केट एक्सपर्ट जतिन त्रिवेदी के अनुसार, भारत ने चांदी आयात पूरी तरह बंद नहीं किया है। हालांकि अब आयात केवल चुनिंदा संस्थाओं के जरिए ही संभव होगा। अब केवल ये संस्थाएं कर सकेंगी आयात:
RBI से जुड़े बैंक
- DGFT से मंजूर संस्थाएं
- बुलियन एक्सचेंज से जुड़ी नामित एजेंसियां
क्या बढ़ेंगी चांदी की कीमतें?
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि घरेलू बाजार में चांदी की उपलब्धता सीमित होने से कीमतों में तेजी आ सकती है। सप्लाई कम होने की स्थिति में सिल्वर प्रीमियम बढ़ सकता है, जिसका असर सीधे ग्राहकों की जेब पर पड़ेगा। हालांकि, वैश्विक बाजार में इसका ज्यादा असर देखने को नहीं मिलेगा, क्योंकि भारत बड़ा खरीदार जरूर है लेकिन अंतरराष्ट्रीय कीमतें तय नहीं करता।
भारत में चांदी का ताजा भाव
फिलहाल देश में चांदी की मौजूदा कीमतें इस प्रकार हैं:
- 1 किलो चांदी – ₹2.80 लाख
- 100 ग्राम – ₹28,000
- 10 ग्राम – ₹2,800
- 1 ग्राम – ₹280
मई 2026 में अब तक चांदी की कीमतों में करीब 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की जा चुकी है।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप
हमारे फेसबुक पेज से जुड़ने के लिए क्लिक करें


