मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना के बाद अभिनेता सलमान खान की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में उनके घर के बाहर कड़ी चौकसी देखी जा सकती है।
सलमान खान की सुरक्षा में पुलिस और कमांडो तैनात
टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद मुंबई पुलिस ने सलमान खान की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है। इसके बाद उनकी सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई। सलमान की सुरक्षा में मुंबई पुलिस के जवानों के साथ कमांडो भी तैनात हैं। इसके अलावा, आधुनिक हथियारों से लैस गार्ड भी उनकी सुरक्षा में शामिल हैं। इन गार्डों के पास MP5 SD6 सबमशीन गन है।
कड़ी सुरक्षा के बीच एयरपोर्ट पहुंचे सलमान खान
सलमान खान हाल ही में एक प्राइवेट एयरपोर्ट पर दिखाई दिए। इस दौरान उनके साथ बॉडीगार्ड शेरा भी मौजूद थे। अभिनेता ने वहां मौजूद पैपराजी से बातचीत नहीं की और गाड़ी से उतरने के बाद सीधे एयरपोर्ट के अंदर चले गए।
18 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग
18 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ मुंबई के जुहू स्थित पुष्पा पार्क के पास फुटबॉल खेलकर घर लौट रहे थे। उनके ड्राइवर के गाड़ी चलाने के दौरान टाइगर आगे वाली सीट पर बैठे थे। इसी बीच बाइक सवार तीन युवकों में से दो ने उनकी कार पर फायरिंग की। एक हमलावर ने सात राउंड गोलियां चलाईं, जबकि दूसरे की बंदूक जाम हो गई।
इस घटना में टाइगर श्रॉफ को गोली नहीं लगी और वह सुरक्षित रहे। पुलिस ने जांच शुरू करते हुए राजस्थान के कोटा से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
आरोपियों ने सलमान खान को बताया निशाना
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने दावा किया कि उनका निशाना टाइगर श्रॉफ नहीं, बल्कि सलमान खान थे। उन्होंने सलमान खान के घर की रेकी करने की बात भी कही। वहीं, इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों ने लेने का दावा किया है। फिलहाल, मुंबई पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं का पता लगाने में जुटी है।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप






