लोकसभा में हंगामा, कागज़ फेंकने पर 8 सांसद पूरे बजट सत्र से निलंबित जी, हां लोकसभा में मंगलवार को भारी हंगामे के बीच आठ सांसदों को पूरे बजट सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया। आरोप है कि इन सांसदों ने सदन में आसन की अवमानना करते हुए कागज़ फेंके और कार्यवाही में बाधा डाली।
कौन-कौन सांसद हुए निलंबित
निलंबित सांसदों में मणिकम टैगोर, गुरजीत सिंह औजला, अमरिंदर सिंह राजा वारिंग, किरण कुमार रेड्डी, हिबी ईडन, डीन कुरियाकोस, प्रशांत पाडोले (कांग्रेस) और एस वेंकटेशन (CPM) शामिल हैं। कैसे शुरू हुआ विवाद: दरअसल, राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण का हवाला देने की कोशिश की। इस मुद्दे पर सदन की कार्यवाही तीन बार स्थगित हुई।
दोपहर बाद बढ़ा हंगामा
अपराह्न तीन बजे जब सदन दोबारा शुरू हुआ, तो पीठासीन सभापति दिलीप सैकिया ने आसन की अवज्ञा के आरोप में विपक्षी सांसदों के नाम लिए। इसी दौरान विपक्षी सांसदों ने राहुल गांधी को बोलने की अनुमति न मिलने के विरोध में नारेबाजी की और आसन के समीप कागज़ फेंके। किरेन रिजिजू का प्रस्ताव: संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने नियम 374(2) के तहत प्रस्ताव पेश करते हुए कहा कि सांसदों ने सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाई है। प्रस्ताव में सभी आठ सांसदों को वर्तमान सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित करने की मांग की गई।
ध्वनिमत से पास हुआ प्रस्ताव
लोकसभा ने ध्वनिमत से इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी, जिसके बाद सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। तो वहीं राहुल गांधी ने नरवणे के संस्मरण और चीन के साथ सैन्य टकराव का मुद्दा उठाते हुए इसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय बताया, लेकिन उन्हें आगे बोलने की अनुमति नहीं दी गई।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस





