पीलीभीत, खबर संसार। वरुण गांधी लखीमपुर खीरी हिंसा की घटना हो या फिर यूपीटीईटी पेपर लीक या फिर शिक्षक भर्ती के लिए प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज का या फिर महंगाई और बेरोजगारी के मसले। वो बीजेपी सरकार पर सवालिया निशाना उठाते रहे हैं।
इस बार वरुण ने कानपुर में गोद में बच्चे को लिए शख्स पर बर्बरता से लाठी बरसा रही पुलिस का वीडियो शेयर कर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, ‘सशक्त कानून व्यवस्था वह है, जहां कमजोर से कमजोर व्यक्ति को न्याय मिल सके। यह नहीं कि न्याय मांगने वालों को न्याय के स्थान पर इस बर्बरता का सामना करना पड़े। यह बहुत कष्टदायक है। भयभीत समाज कानून के राज का उदाहरण नहीं है। सशक्त कानून व्यवस्था वो है, जहां कानून का भय हो, पुलिस का नहीं।’
क्या है यह मामला
कानपुर देहात के अकबरपुर थाना क्षेत्र से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें जिला अस्पताल के बाहर एक शख्स को पुलिस बर्बरता से लाठी मार रही है। शख्स की गोद में उसका 3 साल का मासूम भी है। वह बार-बार पुलिस से गुहार लगा रहा है कि बच्चे को लग जाएगी लेकिन पुलिस मानने को तैयार नहीं। पिता को पिटता देख बच्चा भी चीख-चीखकर रो रहा है। वीडियो में पुलिस बच्चे को भी खींचती दिख रही है।
इसे भी पढ़े-जानें क्यों अमेजन पर लगाया गया 9750 करोड़ रुपए का जुर्माना
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल है। इसके चलते अकबरपुर पुलिस की काफी आलोचना हो रही है। वीडियो में दिख रहा है कि पुलिस की गाड़ी खड़ी है और उसी के पास खड़े एक शख्स की पिटाई हो रही है। लोकल पुलिस थाने का इंस्पेक्टर शख्स को दौड़ा-दौड़ाकर लाठियों से मार रहा है। वह शख्स गोद में अपने बच्चे को लिए हुए है।
बीजेपी सरकार पर हमलावर हैं वरुण
बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यसमिति से बाहर किए जाने के बाद से वरुण गांधी और ज्यादा आक्रामक हो गए हैं। वह आए-दिन विभिन्न मुद्दों पर बीजेपी के खिलाफ ट्वीट करते हैं। लखीमपुर खीरी में हुए केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी की गाड़ी से कुचल कर मारे गए किसानों के मामले में भी उन्होंने खुलकर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा का विरोध किया था।
फेसबुक से जुड़ने के लिए क्लिक करे


