बांग्लादेश में आज 13वें संसदीय चुनाव के लिए मतदान शुरू होते ही देशभर में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई। यह चुनाव इसलिए भी ऐतिहासिक माना जा रहा है क्योंकि लंबे समय तक सत्ता में रही अवामी लीग इस बार मुकाबले से बाहर है। ऐसे में सत्ता की दौड़ अब अन्य दलों के बीच खुलकर सामने आ गई है।
सुबह 7:30 बजे शुरू हुआ मतदान शाम 4:30 बजे तक चला। चुनाव आयोग के मुताबिक मतगणना देर रात से शुरू होने की संभावना है, जबकि अंतिम नतीजे अगले दिन सामने आ सकते हैं। पूरे देश में करीब 12.7 करोड़ मतदाताओं ने 299 संसदीय सीटों के लिए वोट डाले, जबकि एक सीट पर मतदान स्थगित किया गया।
अवामी लीग के बाहर होने से बदला चुनावी समीकरण
इस बार का सबसे बड़ा बदलाव यह रहा कि अवामी लीग चुनावी मैदान में शामिल नहीं है। ऐसे में मुख्य मुकाबला बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) और उसकी पूर्व सहयोगी जमात-ए-इस्लामी के बीच सिमट गया। दोनों दलों के आमने-सामने आने से मुकाबला और भी रोचक हो गया है।
यूनुस बोले— नया बांग्लादेश बनाने का मौका
अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने ढाका के गुलशन इलाके में मतदान किया। उन्होंने इसे देश के लिए “नया अवसर” बताते हुए कहा कि यह दिन एक नए बांग्लादेश की नींव रख सकता है। गौरतलब है कि छात्र आंदोलन और जन विरोध के बाद करीब 18 महीने पहले उनकी सरकार बनी थी।
बीएनपी और जमात के बड़े दावे
बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान ने निष्पक्ष चुनाव की उम्मीद जताई और सत्ता में आने पर कानून व्यवस्था, रोजगार और संस्थागत सुधार का वादा दोहराया। वहीं जमात प्रमुख शफीकुर रहमान ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव होने पर उनकी पार्टी परिणाम स्वीकार करेगी, हालांकि कुछ केंद्रों पर गड़बड़ी के आरोप भी लगाए गए।
सुरक्षा, हिंसा और विवाद
चुनाव के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। कई संवेदनशील इलाकों में सेना और पुलिस की संयुक्त तैनाती रही। ड्रोन, बॉडी कैमरा और CCTV से निगरानी की गई। इसके बावजूद गोपालगंज और मुंशीगंज में मतदान केंद्रों के पास बमबारी की घटनाएं सामने आईं, जिनमें कुछ लोग घायल हुए।
सुधार पैकेज पर भी जनमत
इस बार चुनाव के साथ 84 सूत्री सुधार पैकेज पर जनमत संग्रह भी कराया गया, जिसमें प्रधानमंत्री के कार्यकाल की सीमा और संस्थागत सुधार जैसे अहम मुद्दे शामिल हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह चुनाव बांग्लादेश के लोकतांत्रिक भविष्य की दिशा तय कर सकता है।
इसे भी पढे: देहरादून में फिर से एक बड़ा हादसा होने से टला, लड़की को आई करछी से चोट
हमारे फेबुकपेज से जुडने के लिए क्लिक करें

