भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। 45 वर्षीय नितिन नबीन ने मंगलवार को औपचारिक रूप से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा की जगह ली। दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में हुए समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी सहित पार्टी के तमाम दिग्गज मौजूद रहे।
धार्मिक दौरों के साथ शुरुआत
पदभार संभालने से पहले नितिन नबीन ने दिल्ली के झंडेवालन मंदिर, वाल्मीकि मंदिर और कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन किए। इसके अलावा उन्होंने गुरुद्वारा बंगला साहिब में भी मत्था टेका। इस दौरान दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और मंत्री परवेश साहब सिंह वर्मा उनके साथ रहे।
Z श्रेणी सुरक्षा और ऐतिहासिक उपलब्धि
गृह मंत्रालय ने नितिन नबीन को Z श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की है, जिसमें CRPF कमांडो तैनात रहते हैं। 45 वर्ष की उम्र में वे भाजपा के शीर्ष संगठनात्मक पद तक पहुंचने वाले सबसे युवा नेता बन गए हैं, जिसे पार्टी में बड़े पीढ़ीगत बदलाव के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
RSS से संगठन तक का सफर
रांची में जन्मे नितिन नबीन, दिवंगत भाजपा नेता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के पुत्र हैं। RSS की विचारधारा में पले-बढ़े नबीन को पार्टी के भीतर एक मजबूत वैचारिक और संगठनात्मक नेता माना जाता है। वे BJYM के राष्ट्रीय महासचिव और बिहार प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं।
चुनावी जीत और रणनीतिकार की पहचान
2006 से लगातार बड़े अंतर से चुनाव जीतते आ रहे नितिन नबीन ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 में सह-प्रभारी के रूप में अहम भूमिका निभाई। भाजपा ने वहां कांग्रेस सरकार को सत्ता से बाहर किया। 2024 लोकसभा चुनाव में भी इसी रणनीति ने भाजपा को बड़ी सफलता दिलाई।
मंत्रिमंडल से संगठन तक
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से पहले वे बिहार सरकार में सड़क निर्माण और शहरी विकास मंत्री थे। पूर्णकालिक संगठनात्मक भूमिका निभाने के लिए उन्होंने मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया। भाजपा केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अनुसार, वे निर्विरोध चुने गए।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस





