प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को दिल्ली में शराब घोटाला मामले में आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आवास पर छापेमारी की। ईडी के इस कदम पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने प्रतिक्रिया दी और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 2024 का चुनाव आ रहा है और वे जानते हैं कि वे हारेंगे और यह उनकी हताशापूर्ण कोशिश है। चुनाव नजदीक आते ही ईडी और सीबीआई जैसी तमाम एजेंसियां एक्शन में आ जाती हैं।
संजय सिंह के घर पर कुछ नहीं मिलेगा: सीएम
संजय सिंह पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘पिछले 1 साल से हम देख रहे हैं कि कथित शराब घोटाले का शोर कर रखा है। 1000 से ज्यादा छापे पड़ चुके हैं, लेकिन एक पैसे की रिकवरी नहीं हुई है। यह बस घोटाले का आरोप लगाते रहते हैं। खूब जांच कर ली, लेकिन कुछ नहीं मिला।
तथाकथित शराब घोटाले में एक साल से जांच चल रही है और अब तक कुछ नहीं मिला। संजय सिंह के यहां भी कुछ नहीं मिलने वाला है। चुनाव आ रहे हैं और 2024 के चुनाव में इनको लगता है कि ये लोग हर रहे हैं तो हराते हुए आदमी की आखिरी डेसपरेट कोशिश नजर आ रही है। कल पत्रकारों के ऊपर हुआ और आज संजय सिंह के ऊपर हुआ है। अभी चुनाव तक देखो शायद आपके ऊपर भी हो जाए।’
आतिशी ने BJP और केंद्र पर साधा निशाना
इस मामले में दिल्ली की मंत्री और आप नेता आतिशी ने कहा, ‘उन्होंने ईडी और सीबीआई के सैकड़ों अधिकारियों को लगा दिया। लोगों को गिरफ्तार किया और उन पर अत्याचार किया गया। लेकिन, अब तक केंद्र सरकार और उनकी एजेंसियां एक रुपये का भी भ्रष्टाचार साबित नहीं कर पाई हैं।
इससे पता चलता है कि बीजेपी AAP से डरती है। इससे पता चलता है कि पीएम मोदी जानते हैं कि आगामी लोकसभा चुनाव में वे हारने वाले हैं। इस हार के डर से वे आप नेताओं और पत्रकारों पर छापे मार रहे हैं। मैं विश्वास के साथ कह सकती हूं कि उन्हें संजय सिंह से भ्रष्टाचार का एक पैसा भी नहीं मिलने वाला है।’
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस


