कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वह अपनी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी के साथ बातचीत करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में तीनों परिवार से जुड़े पुराने किस्से याद कर रहे हैं। इसी दौरान प्रियंका गांधी ने स्कूल के दिनों का एक किस्सा सुनाया, जिसमें उन्होंने एक बच्चे को थप्पड़ मार दिया था। प्रियंका ने बताया कि उस बच्चे ने उनके चाचा संजय गांधी को चोर कहा था। यह सुनकर वह गुस्सा हो गईं और उन्होंने बच्चे को जोरदार थप्पड़ मार दिया।
प्रियंका ने बताया स्कूल का पूरा किस्सा
बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने प्रियंका से पूछा कि क्या उन्हें याद है, चुनाव हारने के बाद जब वे पहली बार स्कूल गए थे, तब क्या हुआ था। इस पर प्रियंका ने कहा कि उन्हें वह घटना याद है।
प्रियंका के मुताबिक, स्कूल में एक छोटा बच्चा उनके पास आया और बोला, ‘तेरा चाचा जेल में हैं, चोर है तेरा चाचा।’ यह सुनते ही प्रियंका ने उसे जोर से थप्पड़ मार दिया। बच्चा रोने लगा, जिसके बाद टीचर ने प्रियंका को डांटा और उनकी मां को स्कूल बुलाया गया।
राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर राहुल की चिंता
सोनिया गांधी के मुताबिक, मार्च 1991 में अमेरिका से भारत लौटे राहुल गांधी अपने पिता राजीव गांधी के साथ बिहार दौरे पर जाने की जिद कर रहे थे। इस दौरान राजीव गांधी खुली जीप में सफर कर रहे थे, तभी विपक्षी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी पर पत्थर और ईंटों से हमला कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे।
राहुल गांधी ने पिता की सुरक्षा को लेकर सोनिया गांधी से चिंता जताई थी। उन्होंने कहा था कि यदि सुरक्षा नहीं बढ़ाई गई तो उन्हें जल्द ही पिता के अंतिम संस्कार के लिए भारत लौटना पड़ सकता है।
राजीव गांधी की SPG सुरक्षा हटाए जाने का जिक्र
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में बताया कि 1984 में प्रधानमंत्री बनने के समय राजीव गांधी को तीन आतंकी संगठनों से खतरा था। 1990 तक ऐसे कई और चरमपंथी संगठन सामने आ चुके थे।
दिसंबर 1990 में समिति ने SPG सुरक्षा जारी रखने का फैसला लिया था, लेकिन सोनिया गांधी के मुताबिक, वीपी सिंह सरकार ने जनवरी 1991 में राजीव गांधी की SPG सुरक्षा हटा दी। इसके बाद उनकी नजदीकी सुरक्षा में विशेष प्रशिक्षित बल की जगह स्थानीय पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप
हमारे फेसबुक व वेबसाइट से जुड़ने के लिए क्लिक करे














