शुक्रवार का दिन भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज हो गया। पहली बार देश में मोबाइल के माध्यम से मतदान की शुरुआत हुई है। यह ऐतिहासिक पहल बिहार राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा की गई, जिसने चुनाव प्रक्रिया को अधिक आधुनिक, सरल और डिजिटल बना दिया। पूर्वी चंपारण के पकड़ीदयाल नगर परिषद के वार्ड नंबर 8 की निवासी विभा कुमारी ने मोबाइल से वोट डालकर देश की पहली ई-वोटर होने का गौरव प्राप्त किया। वहीं, वार्ड नंबर 1 के मुन्ना कुमार पहले पुरुष ई-वोटर बने।
डिजिटलीकरण की दिशा में क्रांतिकारी कदम
मोबाइल वोटिंग की यह पहल देश में चुनावी प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। यह सुविधा खासकर उन मतदाताओं के लिए फायदेमंद साबित होगी जो भौगोलिक कारणों से मतदान केंद्र तक नहीं पहुंच पाते। इस नई व्यवस्था के तहत दुबई, कतर जैसे देशों में रह रहे भारतीय नागरिकों ने भी मोबाइल से वोट डालकर अपनी भागीदारी निभाई।
प्रवासी और व्यस्त नागरिकों के लिए वरदान
ई-वोटिंग से लाखों ऐसे भारतीयों को राहत मिलेगी जो नौकरी, शिक्षा या अन्य कारणों से अपने गृह राज्य से दूर रहते हैं। यह तकनीक प्रवासी भारतीयों को भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने का अवसर देगी।
वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने में मददगार
राज्य निर्वाचन आयोग की यह पहल डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देने के साथ-साथ वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने की दिशा में भी कारगर सिद्ध हो सकती है। अब मतदाता कहीं से भी अपने मोबाइल के जरिए बिना बाधा के मतदान कर सकेंगे, जिससे लोकतंत्र में सहभागिता और सशक्त होगी।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
