नई दिल्ली। एशिया कप 2025 (T20 फॉर्मेट) का आयोजन सितंबर में होना है, लेकिन टूर्नामेंट की तैयारी पर अब संकट के बादल मंडराते नजर आ रहे हैं। एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) की 24 जुलाई को ढाका में होने वाली बैठक में भारत और श्रीलंका के शामिल न होने की खबरें सामने आई हैं।
भारत और श्रीलंका ने ACC मीटिंग से बनाई दूरी
टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट की रिपोर्ट के मुताबिक बीसीसीआई और श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने साफ कर दिया है कि वे 24 जुलाई को ढाका में होने वाली ACC की बैठक में शामिल नहीं होंगे। हालांकि बैठक तय कार्यक्रम के मुताबिक होगी। माना जा रहा है कि भारत-बांग्लादेश के तनावपूर्ण राजनीतिक रिश्तों के चलते बीसीसीआई ने ऐसा कदम उठाया। भारत का अगस्त में प्रस्तावित बांग्लादेश दौरा भी रद्द हो चुका है।
ऑनलाइन शामिल हो सकते हैं अधिकारी
एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि सभी सदस्यों को 15 दिन का समय दिया गया है ताकि वे अपनी व्यवस्थाएं तय कर सकें। यदि कोई व्यक्तिगत रूप से नहीं आना चाहता, तो वीडियो कॉल के जरिए भी शामिल हो सकता है। ऐसे में भारत और श्रीलंका ऑनलाइन हिस्सा ले सकते हैं।
कहां होगा एशिया कप 2025?
एशिया कप 2025 की मेजबानी भारत करेगा और यह हाइब्रिड मॉडल में खेला जाएगा। पाकिस्तान अपने मैच भारत से बाहर, संभवत: दुबई में खेलेगा। एसीसी ने बीसीसीआई से औपचारिक पत्र भेजकर यह पूछा है कि क्या भारत अब भी मेजबानी को लेकर तैयार है। चर्चा यह भी है कि टूर्नामेंट यूएई शिफ्ट हो सकता है।
इंग्लैंड-श्रीलंका ने जताई दिलचस्पी
बीसीसीआई सूत्रों के मुताबिक ढाका में राजनीतिक हालात ठीक नहीं हैं, इस वजह से भारतीय अधिकारी वहां नहीं जाएंगे। वहीं रिपोर्ट में दावा किया गया है कि यदि एशिया कप स्थगित हुआ तो इंग्लैंड और श्रीलंका भारत के साथ खेलने के लिए तैयार हैं। अब सबकी निगाहें 24 जुलाई की बैठक और बीसीसीआई के रुख पर टिकी हैं। यदि भारत और श्रीलंका अपनी जगह पर अडिग रहते हैं, तो एशिया कप 2025 की राह आसान नहीं होगी।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस



