दक्षिणी अफ़ग़ानिस्तान के मरजाह ज़िले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 45 वर्षीय शख्स ने छह साल की बच्ची को उसके पिता से पैसे देकर अपनी दुल्हन बना लिया। इस घटना की तस्वीरें वायरल होते ही दुनियाभर में आक्रोश फैल गया।
पैसे लेकर की गई मासूम की शादी
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी व्यक्ति पहले से ही दो पत्नियों का पति है। उसने मासूम बच्ची के पिता को पैसे दिए और बच्ची को अपने साथ ले जाकर शादी कर ली। यह मामला सामने आते ही सोशल मीडिया और मानवाधिकार संगठनों ने इस कृत्य की कड़ी निंदा की है।
तालिबान ने दी चेतावनी, शादी पर फिलहाल रोक
घटना की जानकारी मिलते ही तालिबान प्रशासन हरकत में आया और दोनों—दूल्हा और बच्ची के पिता—को गिरफ़्तार कर लिया। तालिबान ने स्पष्ट किया कि बच्ची की कम उम्र के चलते अभी शादी को वैध नहीं माना जा सकता। उन्होंने आरोपी से कहा कि वह बच्ची को तभी अपने घर ले जा सकेगा, जब वह नौ साल की हो जाएगी।
अब तक नहीं दर्ज हुआ केस
हालांकि, स्थानीय तालिबान अधिकारियों ने अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है और न ही दोनों के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल बच्ची को उसके घर में ही रखा गया है और शादी पर रोक लगी हुई है।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस


