पेरू में शुक्रवार को आए 6.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने राजधानी लीमा समेत मध्य क्षेत्र को हिलाकर रख दिया। तेज झटके महसूस होते ही लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। संसद भवन में भी अफरा-तफरी मच गई और सांसदों को सदन खाली करना पड़ा। शुरुआती जानकारी के अनुसार, फिलहाल किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है।
जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता 6.8 मापी गई। पेरू के जियोफिजिकल इंस्टीट्यूट ने बताया कि इसका केंद्र एंडीज पर्वतीय क्षेत्र के जुनिन में था। भूकंप जमीन से करीब 129 किलोमीटर की गहराई में आया। इसके झटके केंद्र से काफी दूर स्थित राजधानी लीमा तक महसूस किए गए।
संसद भवन से बाहर भागे सांसद
भूकंप के दौरान लीमा में लोग घरों और इमारतों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। टीवी फुटेज में सांसदों को संसद भवन से बाहर निकलते देखा गया। अचानक आए झटकों से सरकारी इमारतों में भी हलचल मच गई।
जुनिन राज्य के स्थानीय काउंसिल सदस्य विसेंटे क्विस्पे ने स्थानीय टीवी चैनल RPP को बताया कि फिलहाल प्रशासन को किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। उनके मुताबिक, क्षेत्र में पहली बार इतनी तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया है।
तांबे की बड़ी खदानों के लिए भी अहम है जुनिन
जुनिन क्षेत्र भौगोलिक स्थिति के साथ-साथ खनन गतिविधियों के लिए भी महत्वपूर्ण है। यहां तांबे की कई बड़ी खदानें हैं, जिनमें टोरोमोचो खदान भी शामिल है। यह पेरू की सबसे बड़ी तांबा खदानों में से एक है।
पेरू की अर्थव्यवस्था में खनन की अहम भूमिका है। देश दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा तांबा उत्पादक है। ऐसे में भूकंप के बाद खदानों और आसपास के क्षेत्रों की स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है। हालांकि, फिलहाल खदानों को किसी नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है।













