रूस का एक पैसेंजर विमान गुरुवार, 24 जुलाई को अचानक लापता हो गया था, लेकिन अब पुष्टि हुई है कि वह क्रैश हो गया है। यह विमान अंगारा एयरलाइंस का An-24 मॉडल था, जो चीन की सीमा से सटे अमूर क्षेत्र के टिंडा शहर की ओर जा रहा था। उड़ान के दौरान विमान का एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया था।
50 लोग थे विमान में सवार
स्थानीय गवर्नर वासिली ओरलोव ने जानकारी दी कि विमान में कुल 50 लोग सवार थे, जिनमें 43 यात्री और छह क्रू मेंबर शामिल थे। इनमें पांच बच्चे भी थे। रूसी मीडिया ने बताया कि विमान का मलबा टिंडा एयरपोर्ट के पास मिला है।
लैंडिंग की दूसरी कोशिश में हुआ हादसा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पायलट पहली लैंडिंग में सफल नहीं हो सका और दूसरी बार कोशिश कर रहा था। उसी दौरान वह रडार से गायब हो गया। ‘इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट का दावा है कि खराब मौसम और दृश्यता की कमी के कारण पायलट को रनवे नहीं दिखा, जिससे दुर्घटना हुई।
आधी सदी पुराना था विमान
जिस विमान से हादसा हुआ, वह करीब 50 साल पुराना था। उसका निर्माण 1976 में हुआ था। टेल नंबर के आधार पर यह जानकारी सामने आई है। रेस्क्यू टीम को विमान का आगे का हिस्सा जमीन पर जलता हुआ मिला। इसके बाद राहत और बचाव कार्य तेज़ कर दिया गया।
जांच जारी, पायलट की भूमिका पर संदेह
टिंडा एयरपोर्ट के अधिकारियों का कहना है कि हादसे की जांच चल रही है। पायलट की गलती की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा, लेकिन अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही सामने आएगा।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
