भारत एशिया कप 2025 में अपना अगला मुकाबला 19 सितंबर को ओमान के खिलाफ खेलेगा। टीम इंडिया इस मैच में अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव कर सकती है। खबरों के मुताबिक, स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को इस मैच से आराम देने की संभावना है।
सुपर-4 और फाइनल का कार्यक्रम
टीम इंडिया 19 सितंबर को ओमान से भिड़ने के बाद सुपर-4 के तहत 21, 24 और 26 सितंबर को मैदान पर उतरेगी। इसके बाद 28 सितंबर को फाइनल खेला जाएगा। यदि भारत खिताबी मुकाबले तक पहुंचता है तो उसे सात दिनों में चार मैच खेलने पड़ेंगे। ऐसे में बुमराह को आराम देना टीम प्रबंधन का व्यावहारिक फैसला माना जा रहा है, ताकि वह निर्णायक मुकाबलों के लिए फिट और तरोताजा रह सकें।
बुमराह की जगह मिल सकता है इन खिलाड़ियों को मौका
बुमराह की गैरहाज़िरी में अर्शदीप सिंह या हर्षित राणा को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है। अर्शदीप का दावा ज्यादा मजबूत माना जा रहा है क्योंकि वह अनुभवी हैं और टी20 अंतर्राष्ट्रीय में 100 विकेट के करीब पहुंच चुके हैं। दूसरी ओर, बल्लेबाजी में रिंकू सिंह को मौका मिलने की संभावना फिलहाल कम दिख रही है।
टीम प्रबंधन शीर्ष और मध्यक्रम के बल्लेबाजों को ज्यादा समय देना चाहता है। भारत के लिए ओमान के खिलाफ मैच सुपर-4 से पहले अभ्यास और संयोजन परखने का बेहतर मौका होगा। वहीं, जसप्रीत बुमराह जैसे मुख्य गेंदबाज को आराम देकर टीम मैनेजमेंट भविष्य के अहम मुकाबलों में उनके सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को सुनिश्चित करना चाहता है।
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
ओमान के खिलाफ भारत की संभावित प्लेइंग 11 इस प्रकार हो सकती है: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
