लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर प्रयागराज निवासी अंजनी मिश्रा ने गंभीर आरोप लगाया है। दरअसल, राहुल गांधी ने हाल ही में वोट चोरी का आरोप लगाते हुए एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इसमें उन्होंने कुछ मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए थे। उन्हीं नंबरों में से एक प्रयागराज के मेजा क्षेत्र के रहने वाले अंजनी मिश्रा का भी था।
अंजनी मिश्रा ने बताई अपनी परेशानी
अंजनी मिश्रा का कहना है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी द्वारा दिखाया गया नंबर उनका ही है। इसके बाद अचानक उनके पास लगातार अजनबी लोगों के फोन कॉल आने लगे। उन्होंने बताया कि एक कॉलर ने उन्हें जानकारी दी कि उनका नंबर फर्जी वोटर आईडी मामले में वायरल हो गया है। अंजनी का कहना है कि वो कभी महाराष्ट्र में नहीं रहे, जबकि राहुल गांधी ने उनकी जानकारी महाराष्ट्र से जुड़ी रिपोर्ट में शामिल की।
राहुल गांधी पर लगाया गलत जानकारी फैलाने का आरोप
अंजनी मिश्रा ने कहा कि वे पिछले 15 साल से इसी मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने उनका नंबर फर्जी तरीके से दिखाया और इसे गलत रिपोर्ट से जोड़ दिया। अंजनी ने साफ कहा कि उन्होंने कभी अपना वोट हटाने का आवेदन नहीं किया, जबकि उन्हें ऐसी लिस्ट में शामिल कर दिया गया। इससे उनकी निजी जिंदगी पर गहरा असर पड़ा है।
पुलिस में करेंगे शिकायत
लगातार मिल रहे अनजान कॉल से परेशान अंजनी मिश्रा ने पुलिस की मदद लेने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने उनका नंबर सार्वजनिक कर उन्हें मानसिक परेशानी में डाल दिया। अब वे इस मामले की शिकायत दर्ज कराएंगे और कार्रवाई की मांग करेंगे।
राहुल गांधी ने लगाए थे वोट चोरी के आरोप
गौरतलब है कि राहुल गांधी ने 18 सितंबर को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया था कि सॉफ़्टवेयर के ज़रिए विपक्षी वोटरों को टारगेट कर हटाया जा रहा है। हालांकि चुनाव आयोग ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए खारिज कर दिया है।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस


