उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को लेकर अब तक का सबसे बड़ा प्रशासनिक कदम सामने आया है। विशेष गहन परीक्षण (SIR) प्रक्रिया के बाद आज मंगलवार, 6 जनवरी 2026 को प्रदेश की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने आधिकारिक तौर पर यह सूची जारी करते हुए बताया कि इस अभियान में 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, जिसके बाद अब राज्य में 12.55 करोड़ वैध मतदाता दर्ज हैं।
चुनाव आयोग के अनुसार यह अभियान मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन करने के उद्देश्य से चलाया गया। इससे पहले उत्तर प्रदेश में कुल 15.44 करोड़ मतदाता पंजीकृत थे। SIR प्रक्रिया के दौरान सबसे ज्यादा नाम स्थानांतरण (ट्रांसफर) के कारण हटाए गए, जिनकी संख्या 1.26 करोड़ है। इसके अलावा 46 लाख मृत मतदाता, 23.70 लाख डुप्लीकेट एंट्री और 83.73 लाख ऐसे मतदाता, जो पते पर नहीं मिले, उन्हें सूची से बाहर किया गया।
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नाम कैसे चेक करें?
यदि किसी मतदाता का नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं दिख रहा है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। सबसे पहले voters.eci.gov.in वेबसाइट पर जाकर EPIC नंबर, नाम, जिला और विधानसभा क्षेत्र डालकर अपनी जानकारी जांचें।
नाम न मिलने पर क्या करें?
यदि ड्राफ्ट मतदाता सूची में नाम नहीं है, तो 6 फरवरी 2026 तक दावा या आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।
- नया नाम जोड़ने या हटे नाम के लिए: फॉर्म-6
- गलत या डुप्लीकेट नाम हटाने के लिए: फॉर्म-7
- नाम, पता या अन्य विवरण संशोधन के लिए: फॉर्म-8
ये फॉर्म ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से जमा किए जा सकते हैं। इसके साथ जन्म प्रमाण पत्र, पता प्रमाण और पहचान पत्र जरूरी होंगे। मतदाता अपने क्षेत्र के BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) से भी संपर्क कर सकते हैं।
सबसे बड़ा वोटर लिस्ट सफाई अभियान
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के अनुसार यह उत्तर प्रदेश का अब तक का सबसे बड़ा वोटर लिस्ट शुद्धिकरण अभियान है। इसका मकसद फर्जी, मृत और डुप्लीकेट मतदाताओं को हटाकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और पारदर्शी बनाना है।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस


