आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 अब अपने निर्णायक मोड़ पर है। गुरुवार को मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड आमने-सामने होंगे। इस हाई-वोल्टेज सेमीफाइनल से पहले फैंस के बीच एक अहम सवाल चर्चा में है—अगर बारिश ने खेल बिगाड़ा तो फाइनल में एंट्री किसे मिलेगी?
सेमीफाइनल के लिए क्यों रखा गया है रिजर्व डे?
आईसीसी ने नॉकआउट मुकाबलों की अहमियत को देखते हुए सेमीफाइनल के लिए रिजर्व डे तय किया है। भारत और इंग्लैंड के बीच यह मुकाबला 5 मार्च को खेला जाना है। यदि उसी दिन बारिश के कारण मैच अधूरा रहता है, तो इसे 6 मार्च को पूरा किया जा सकता है। मैच अधिकारियों के पास पहले दिन 90 मिनट का अतिरिक्त समय और रिजर्व डे पर 120 मिनट उपलब्ध रहेंगे, ताकि किसी भी स्थिति में परिणाम निकाला जा सके।
नतीजे के लिए कितने ओवर जरूरी?
टी20 क्रिकेट में सामान्य तौर पर 5-5 ओवर का खेल होने पर नतीजा माना जाता है, लेकिन सेमीफाइनल जैसे बड़े मुकाबलों में नियम सख्त हैं। यहां आधिकारिक परिणाम तभी घोषित होगा जब दोनों टीमें कम से कम 10-10 ओवर खेल लें। यदि बारिश के चलते इतना खेल भी संभव नहीं हो पाता, तो फिर विशेष नियम लागू किए जाएंगे।
पूरी तरह धुल गया मैच तो क्या होगा फैसला?
अगर बारिश इतनी तेज रही कि मैच और रिजर्व डे—दोनों दिन एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी, तो सुपर ओवर या बाउंड्री काउंट लागू नहीं होगा। ऐसी स्थिति में सुपर-8 चरण की रैंकिंग के आधार पर फैसला किया जाएगा।
- भारत सुपर-8 के ग्रुप-1 में दूसरे स्थान पर रहा था
- इंग्लैंड सुपर-8 के ग्रुप-2 में शीर्ष पर रहा
इस समीकरण के तहत, मैच रद्द होने की स्थिति में इंग्लैंड को सीधे फाइनल का टिकट मिलेगा और भारत का सफर यहीं थम जाएगा।
वानखेड़े में भारत-इंग्लैंड का रिकॉर्ड
इस टूर्नामेंट में वानखेड़े स्टेडियम पर दोनों टीमों ने मुकाबले खेले हैं।
- इंग्लैंड ने यहां नेपाल को आखिरी गेंद पर हराया, लेकिन वेस्टइंडीज से हार झेली
- भारत को अमेरिका के खिलाफ जीत के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी
इन नतीजों को देखते हुए सेमीफाइनल में कांटे की टक्कर तय मानी जा रही है। भारत और इंग्लैंड के बीच सेमीफाइनल सिर्फ खिलाड़ियों की टक्कर नहीं, बल्कि मौसम और नियमों की भी परीक्षा है। फैंस की नजरें आसमान पर टिकी हैं, क्योंकि बारिश ने खेला बिगाड़ा तो फाइनल का टिकट रैंकिंग से तय होगा।
इसे भी पढे: देहरादून में फिर से एक बड़ा हादसा होने से टला, लड़की को आई करछी से चोट
हमारे फेबुकपेज से जुडने के लिए क्लिक करें



