भारत और रूस के बीच रणनीतिक साझेदारी लंबे समय से भरोसे पर टिकी रही है। वैश्विक ऊर्जा संकट और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बावजूद दोनों देशों के रिश्तों में स्थिरता बनी हुई है। रक्षा सहयोग, ऊर्जा सुरक्षा और कूटनीतिक समर्थन जैसे क्षेत्रों में यह साझेदारी पिछले कई दशकों से मजबूत रही है।
भारत के लिए रवाना हुआ चौथा S-400 सिस्टम
ऑपरेशन ‘सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ से पहले रूस ने भारत के लिए चौथा S-400 एयर डिफेंस सिस्टम भेज दिया है। यह वही सिस्टम है जिसने ऑपरेशन के दौरान दुश्मन की हवाई क्षमता को बड़ा नुकसान पहुंचाया था।
जानकारी के मुताबिक, यह सिस्टम मई के मध्य तक भारत के किसी बंदरगाह पर पहुंच सकता है। वहीं, पांचवें S-400 सिस्टम की डिलीवरी नवंबर तक होने की संभावना जताई जा रही है।
और S-400 खरीदने को मंजूरी
केंद्र सरकार ने सुरक्षा को और मजबूत करने के उद्देश्य से पांच अतिरिक्त S-400 सिस्टम खरीदने की मंजूरी दी है। इस अत्याधुनिक सिस्टम की मारक क्षमता लगभग 400 किलोमीटर तक है, जिससे दुश्मन के विमान, मिसाइल और अन्य हवाई लक्ष्यों को आसानी से नष्ट किया जा सकता है।
राजस्थान सेक्टर में होगी तैनाती
सूत्रों के अनुसार, भारतीय वायुसेना के अधिकारियों ने रूस में इस सिस्टम का निरीक्षण 18 अप्रैल तक पूरा कर लिया था। इसके बाद इसे भारत के लिए रवाना कर दिया गया।
नई यूनिट को राजस्थान सेक्टर में तैनात किए जाने की संभावना है, जिससे पश्चिमी सीमा पर मिसाइल रक्षा व्यवस्था और सशक्त होगी।
280 मिसाइलों की अतिरिक्त खरीद
भारत ने S-400 सिस्टम के लिए 280 छोटी और लंबी दूरी की मिसाइलें भी खरीदने का निर्णय लिया है। इसका उद्देश्य ऑपरेशन ‘सिंदूर’ के दौरान इस्तेमाल हुए हथियारों की भरपाई करना और भविष्य के लिए पर्याप्त भंडार सुनिश्चित करना है।
ऑपरेशन ‘सिंदूर’ में दिखी ताकत
ऑपरेशन ‘सिंदूर’ के दौरान S-400 सिस्टम ने दुश्मन के लड़ाकू विमानों, निगरानी विमान (AWACS) और अन्य हवाई प्लेटफॉर्म को निशाना बनाकर अपनी क्षमता साबित की थी। बताया जाता है कि इस ऑपरेशन के दौरान पाकिस्तान ने पंजाब और गुजरात में तैनात S-400 सिस्टम को निशाना बनाने की कोशिश भी की, लेकिन सफल नहीं हो पाया।
S-400 का खौफ, बदली दुश्मन की रणनीति
S-400 की ताकत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसके खतरे को देखते हुए पाकिस्तान ने अपने फाइटर जेट्स और अन्य हवाई प्लेटफॉर्म को क्वेटा और पेशावर जैसे सुरक्षित ठिकानों पर शिफ्ट कर दिया था। इससे साफ है कि S-400 सिस्टम भारत की हवाई सुरक्षा को नई ऊंचाई दे रहा है।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप



