तमिलनाडु विधानसभा में मुख्यमंत्री विजय थलापति की अगुवाई वाली टीवीके (TVK) गठबंधन सरकार ने विश्वास मत हासिल कर लिया है। फ्लोर टेस्ट के दौरान सरकार के पक्ष में 144 विधायकों ने समर्थन दिया। वहीं, मतदान शुरू होने से पहले प्रमुख विपक्षी दलों ने सदन से वॉकआउट कर दिया।
सदन में विजय ने पेश किया विश्वास प्रस्ताव
विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही मुख्यमंत्री विजय थलापति ने विश्वास प्रस्ताव पेश किया। इसके बाद सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच कई मुद्दों पर चर्चा हुई। सहयोगी दलों ने सरकार के समर्थन में अपनी बात रखी, जबकि विपक्ष ने सरकार की नीतियों और गठबंधन पर सवाल उठाए।
हालांकि, वोटिंग प्रक्रिया शुरू होने से पहले विपक्षी दल सदन से बाहर निकल गए। इसके बाद फ्लोर टेस्ट में सरकार को स्पष्ट समर्थन मिल गया और विजय सरकार ने बहुमत साबित कर दिया।
गठबंधन के सहारे बनी थी सरकार
234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, लेकिन पार्टी अपने दम पर बहुमत के आंकड़े तक नहीं पहुंच सकी। ऐसे में कांग्रेस, CPI, CPI(M), VCK, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) समेत कुछ छोटे दलों और निर्दलीय विधायकों ने विजय सरकार को समर्थन दिया। फ्लोर टेस्ट के दौरान गठबंधन को कुल 144 विधायकों का समर्थन मिला, जिससे सरकार की स्थिति और मजबूत हो गई।
चुनाव में TVK बनी थी सबसे बड़ी पार्टी
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में TVK ने 108 सीटों पर जीत दर्ज कर सबसे बड़ी पार्टी का दर्जा हासिल किया था। हालांकि बहुमत से पार्टी 10 सीट पीछे रह गई थी। मुख्यमंत्री विजय थलापति ने दो विधानसभा सीटों से चुनाव जीता था। नियमों के तहत उन्हें एक सीट छोड़नी होगी, जिसके बाद पार्टी की संख्या 107 रह जाएगी।
टीवीके गठबंधन में कांग्रेस के 5 विधायक शामिल हैं, जबकि CPI, CPI(M), VCK और IUML के 2-2 विधायक सरकार के समर्थन में हैं। इन सभी दलों को मिलाकर गठबंधन की संख्या 120 तक पहुंचती है। इसके बावजूद फ्लोर टेस्ट में सरकार को 144 विधायकों का समर्थन मिला, जो विजय सरकार के लिए बड़ी राजनीतिक मजबूती माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप
हमारे फ़ैज़ी वेबसाइट से जुड़ने के लिए क्लिक करें



