पंजाब के लुधियाना से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। छह दिन पहले कथित तौर पर गन प्वाइंट पर अगवा की गई पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर का शव नीलो नहर से बरामद किया गया है। शव की पहचान परिवार के सदस्यों ने की है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए समराला के सिविल अस्पताल में रखा गया है। इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
परिवार ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
मृतका के भाई जोतइंदर सिंह की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 15 मई को मोगा निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा और उसके साथी करमजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया था। हालांकि परिवार का आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। परिजनों का कहना है कि यदि शुरुआती स्तर पर सख्त कदम उठाए जाते तो शायद इंदर कौर की जान बचाई जा सकती थी।
ग्रोसरी लेने निकली थीं इंदर कौर
परिवार के मुताबिक, 13 मई की रात करीब 8:30 बजे इंदर कौर अपनी फोर्ड फिगो कार में बाजार ग्रोसरी लेने के लिए निकली थीं। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिवार को चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान सामने आया कि इंदर कौर की पहचान मोगा जिले के गांव भलूर निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा से थी। इसके बाद पुलिस ने अपहरण और हत्या की आशंका के तहत जांच तेज कर दी।
शादी से इनकार के बाद रची गई साजिश!
मृतका के भाई जोतइंदर सिंह ने आरोप लगाया है कि सुखविंदर सिंह इंदर कौर से शादी करना चाहता था, लेकिन सिंगर ने इस रिश्ते से साफ इनकार कर दिया था। परिवार का दावा है कि इसी रंजिश में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर कथित तौर पर गन प्वाइंट पर उनका अपहरण किया और बाद में हत्या कर दी। परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कनाडा फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, वह हाल ही में कनाडा से पंजाब आया था।
नहर से मिला शव, पुलिस जांच में जुटी
थाना जमालपुर के एसएचओ बलबीर सिंह ने बताया कि पुलिस को नीलो नहर में महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव की पहचान के लिए परिवार को बुलाया गया। परिजनों ने शव की पहचान पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर के रूप में की। पुलिस फिलहाल हत्या, अपहरण और फरारी समेत कई पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। जांच एजेंसियां आरोपी के संभावित ठिकानों और विदेश कनेक्शन की भी जांच कर रही हैं। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद मौत के कारणों को लेकर और खुलासा हो सकता है।
इसे भी पढ़े-महाराष्ट्र संकट पर बड़ा फैसला, अब 5 जजों की संविधान पीठ करेगी सुनवाई
हमारे फेसबुक पेज से जुड़ने के लिए


