उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव स्थित अपने पैतृक आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार में शोक की लहर है। कई राजनीतिक नेताओं ने भी इस दुखद घटना पर संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
सरकारी कार्यक्रम में शामिल थे मुख्यमंत्री योगी
जानकारी के अनुसार, जिस समय सावित्री देवी का निधन हुआ, उस वक्त मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक सरकारी कार्यक्रम में शामिल थे। कार्यक्रम में वह युवा एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़े आयोजन के दौरान युवाओं को टैबलेट वितरित कर रहे थे।
फरवरी में मां से मिलने पहुंचे थे पंचूर गांव
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद अपनी मां से मिलने के लिए समय निकालते थे। इस साल फरवरी में वह अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे, जहां उन्होंने मां सावित्री देवी से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना था।
पुष्कर सिंह धामी ने जताया दुख
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावित्री देवी के निधन पर शोक जताया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि योगी आदित्यनाथ की माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने मां के स्नेह, आशीर्वाद और ममता को जीवन की अनमोल पूंजी बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
अखिलेश यादव और मायावती ने भी दी श्रद्धांजलि
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सावित्री देवी के निधन पर दुख जताते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। बसपा प्रमुख मायावती ने भी निधन को दुखद बताते हुए परिवार और रिश्तेदारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कुदरत से परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की कामना की।
भाजपा नेताओं ने भी जताया शोक
यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और सांसद रवि किशन ने भी सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया। सभी नेताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं जताईं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोपहमारे फेसबुक व वेबसाइट से जुड़ने के लिए क्लिक करे













