आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को स्पष्ट कर दिया कि उनकी पार्टी आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में किसी भी दल से गठबंधन नहीं करेगी। उन्होंने कहा, ‘‘हम कांग्रेस या इंडिया ब्लॉक के समर्थन के बिना बिहार चुनाव में उतरेंगे। इंडिया ब्लॉक सिर्फ लोकसभा चुनाव तक ही था।’’
केजरीवाल ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि विसावदर उपचुनाव में कांग्रेस ने आप के खिलाफ उम्मीदवार उतारकर साबित कर दिया कि कोई गठबंधन नहीं बचा है। ‘‘भाजपा हमें हराने के लिए कांग्रेस को मैदान में उतारती है,’’ उन्होंने आरोप लगाया।
बिहार में साल के अंत तक चुनाव, तारीखें शेष
बिहार में इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। चुनाव आयोग ने अब तक तारीखों का ऐलान नहीं किया है। अनुमान है कि 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव अक्टूबर-नवंबर 2025 में होंगे।
पिछली बार 2020 में हुए चुनाव के बाद एनडीए ने सरकार बनाई थी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पहले आरजेडी के साथ गठबंधन किया, लेकिन जनवरी 2024 में फिर से एनडीए के साथ सरकार बना ली।
गुजरात में भी कांग्रेस-भाजपा पर साधा निशाना
गुजरात में पार्टी की सदस्यता अभियान की शुरुआत के मौके पर केजरीवाल ने कांग्रेस और भाजपा पर मिलीभगत का आरोप लगाया। विसावदर उपचुनाव में आप नेता गोपाल इटालिया की जीत से उत्साहित केजरीवाल ने भरोसा जताया कि 2027 में गुजरात में भी आप सत्ता में आएगी। उन्होंने कहा, ‘‘अब जनता के पास आप के रूप में बेहतर विकल्प है।’’
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस


