मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ आजाद समाज पार्टी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने यूपी के गाेरखपुर सदर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। सीएम योगी को बीजेपी ने गोरखपुर सदर विधानसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है।
बताते चले की इससे पहले 18 जनवरी को नोएडा में हुई प्रेस वार्ता में आजाद ने कहा था कि यदि उनकी पार्टी कहेगी तो वे सीएम योगी के खिलाफ चुनाव लड़ सकते हैं। और ये भी कहा था कि हमारी पार्टी राज्य में अकेले ही चुनाव लड़ेगी। उन्होंने 33 सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान किया था। आजाद ने जिन सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान किया था उनमें सिराथू, नोएडा, मेरठ कैंट, एत्मादपुर, गंगोह, हस्तिनापुर शामिल हैं।
इसे भी पढ़े−स्कूल में हेडमास्टर कर रहे थे शराब पार्टी, तीन teacher गिरफ्तार
सपा से गठबंधन करना चाहते थे
चंद्रशेखर आजाद पहले समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ना चाहते थे। हालांकि अखिलेश के साथ सीटों को लेकर उनकी बात नहीं बनी जिसके बाद उन्होंने अकेले ही यूपी के रण में उतरने की घोषणा की। अखिलेश यादव की ओर से खुद को छोटा भाई कहे जाने पर चंद्रशेखर आजाद ने कहा था कि मैं वकील हूं और पढ़ा-लिखा हूं। हम सहयोग और तंज की भाषा को समझते हैं।
सीएम योगी गोरखपुर सदर से लड़ेंगे चुनाव
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पहले मथुरा और अयोध्या से चुनाव लड़ने की अटकलें थीं लेकिन पार्टी ने उन्हें गोरखपुर सदर से अपना उम्मीदवार बनाया है। इसके साथ ही योगी पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। इससे पहले वह गोरखपुर से पांच बार सांसद रह चुके हैं। वे पहली बार 1998 में चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंचे थे। 2017 में बीजेपी को जब यूपी विधानसभा चुनाव में जीत मिली तो पार्टी ने मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी याेगी आदित्यनाथ को सौंप दी। सीएम योगी की छवि एक हिंदूवादी नेता की है।
