धराली, उत्तरकाशी | उत्तराखंड के उत्तरकाशी ज़िले के धराली गाँव में मंगलवार को अचानक बादल फटने से भारी तबाही मच गई। इस आपदा में कम से कम चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई घरों के बह जाने और जानमाल के बड़े नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
तेज़ बाढ़ से धराली गाँव में मचा हाहाकार
धराली और आस-पास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बादल फटने से आई बाढ़ की तेज़ लहरों ने कई मकानों को बहा दिया। खिर गंगा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से धराली बाज़ार क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ। सोशल मीडिया पर सामने आए भयावह वीडियो में लोगों की चीख-पुकार और बहते घरों के दृश्य देखे जा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने दिए राहत कार्यों के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ को मौके पर भेजा गया है। उन्होंने कहा, “हमारी पहली प्राथमिकता लोगों को सुरक्षित निकालना है। राहत और बचाव अभियान तेज़ी से चलाया जा रहा है।”
गृह मंत्रालय की त्वरित कार्रवाई
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री से बात की है और हालात की जानकारी ली है। आईटीबीपी की तीन टीमों और एनडीआरएफ की चार टीमें घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई हैं।
प्रशासन सतर्क, नुकसान का आंकलन जारी
मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव आरके सुधांशु ने बताया कि जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि, “नुकसान के स्तर का आकलन किया जा रहा है और उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।”
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
