देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि गौ तस्करों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जाए और दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि देवभूमि में गौहत्या या तस्करी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नदी-नालों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश
वर्चुअल समीक्षा बैठक में सीएम धामी ने सभी जिलाधिकारियों को आदेश दिए कि नदी-नालों के पास हो रहे अतिक्रमण को आपदा की दृष्टि से तुरंत रोका जाए और जहां अतिक्रमण हो चुका है, उसे हटाया जाए। साथ ही नदी किनारे किसी भी प्रकार के नए निर्माण पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए गए।
बाहरी लोगों का सख्त सत्यापन
सीएम ने पुलिस प्रशासन को सीमावर्ती क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने और उन्हें वापस भेजने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही बाहरी व्यक्तियों के नियमित सत्यापन की व्यवस्था अनिवार्य की गई।
चारधाम मार्ग दुरुस्त करने की समयसीमा
मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा मार्ग की सड़कों को 15 दिनों में दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, धर्मांतरण कानून से जुड़े मामलों की समीक्षा करने और आपदा प्रभावितों को मानक के अनुसार त्वरित सहायता देने पर जोर दिया।
सीएम धामी ने अधिकारियों को पीएम मोदी के जन्मदिवस पर बहुउद्देशीय शिविर और स्वास्थ्य कैंप आयोजित करने, सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम को सफल बनाने और 1905 सीएम हेल्पलाइन की नियमित समीक्षा के निर्देश भी दिए।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस


