भारत में रोजाना लाखों लोग ट्रेन से यात्रा करते हैं और कई बार जल्दबाज़ी में यात्री अपना बैग, मोबाइल या जरूरी सामान ट्रेन में ही भूल जाते हैं। ऐसे में अक्सर घबराहट हो जाती है कि अब सामान वापस मिलेगा या नहीं। लेकिन रेलवे की कुछ खास सेवाओं से आप अपना खोया सामान सुरक्षित पा सकते हैं।
रेल मदद ऐप से करें शिकायत दर्ज
अगर आपको याद आए कि आपका कोई सामान ट्रेन में छूट गया है, तो सबसे पहला कदम है तुरंत रेल मदद ऐप (Rail Madad App) या इसकी आधिकारिक वेबसाइट पर शिकायत दर्ज करना। जितनी जल्दी सूचना दी जाएगी, सामान वापस मिलने की संभावना उतनी ही ज्यादा होती है।
स्टेशन पर अधिकारियों और RPF को दें जानकारी
जिस स्टेशन पर आपका सामान छूटा है, वहां के अधिकारियों या स्टेशन मास्टर को तुरंत जानकारी दें। इसके साथ ही रेलवे पुलिस फोर्स (RPF) को भी सूचना देना जरूरी है। कई बार सामान तुरंत बरामद कर लिया जाता है और यात्री को लौटा दिया जाता है।
FIR और Lost & Found सेल की सुविधा
अगर मौके पर सामान नहीं मिलता, तो आपको RPF थाने में एफआईआर दर्ज करवानी चाहिए। रेलवे के पास लॉस्ट एंड फाउंड सेल भी होता है, जहां हर मिले हुए सामान की एंट्री की जाती है। यात्री यहां जाकर या फोन करके पूछ सकते हैं कि उनका सामान सुरक्षित रखा गया है या नहीं।
पहचान पत्र दिखाकर मिलेगा सामान
जब आपका सामान मिल जाता है, तो रेलवे उसे उसी स्टेशन पर भेज देता है जहां से शिकायत दर्ज की गई थी। यात्री को अपना सामान प्राप्त करने के लिए पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होता है। ट्रेन यात्रा के दौरान यदि कोई सामान छूट जाए तो घबराने के बजाय तुरंत सही जगह शिकायत दर्ज करें। रेलवे की व्यवस्थित प्रक्रिया और लॉस्ट एंड फाउंड सेल की मदद से यात्रियों का सामान सुरक्षित वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस


