अगर आप कार या बाइक चलाते हैं, तो प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र यानी PUC बनवाना और समय पर रिन्यू कराना जरूरी है। अब सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने PUC सर्टिफिकेट की वैधता से जुड़ा नया शेड्यूल जारी किया है। इसके तहत कुछ वाहनों को तीन साल तक की वैलिडिटी मिलेगी, जबकि अन्य वाहनों के लिए अलग-अलग अवधि निर्धारित की गई है।
मंत्रालय ने 19 नवंबर 2026 को नया शेड्यूल जारी किया, जिसमें BS-I, BS-II, BS-III, BS-IV और BS-VI वाहनों के लिए अलग-अलग नियम तय किए गए हैं।
BS6 निजी गाड़ियों को 3 साल की वैलिडिटी
नए नियमों के तहत BS6 मानक वाली निजी गाड़ियों को उनकी उम्र के आधार पर PUC सर्टिफिकेट दिया जाएगा। छह साल तक पुरानी निजी गाड़ियों का प्रमाणपत्र तीन साल तक वैलिड रहेगा। छह साल से अधिक और 10 साल तक पुरानी गाड़ियों के लिए वैलिडिटी एक साल होगी। वहीं, 10 साल से पुरानी गाड़ियों को हर छह महीने में PUC रिन्यू कराना होगा।
कमर्शियल वाहनों के लिए अलग नियम
BS6 मानक वाले कमर्शियल वाहनों के लिए PUC की वैलिडिटी अलग निर्धारित की गई है। छह साल तक पुराने परिवहन वाहनों को दो साल की वैलिडिटी मिलेगी। छह से 10 साल पुराने वाहनों के लिए यह अवधि एक साल होगी, जबकि 10 साल से अधिक पुराने वाहनों को हर छह महीने में प्रमाणपत्र रिन्यू कराना होगा।
BS-I से BS-IV वाहनों की वैलिडिटी
पुराने उत्सर्जन मानक वाले वाहनों के लिए भी नया शेड्यूल जारी किया गया है। BS-I, BS-II और BS-III वाहनों का PUC सर्टिफिकेट तीन महीने तक वैलिड रहेगा। BS-IV वाहनों के लिए इसकी अवधि छह महीने निर्धारित की गई है।
PUC बनवाते समय इन बातों का रखें ध्यान
नए नियमों में सबसे ज्यादा राहत छह साल तक पुरानी BS6 निजी गाड़ियों को मिली है। अब उन्हें बार-बार PUC रिन्यू कराने की जरूरत नहीं होगी। हालांकि, प्रमाणपत्र की वैलिडिटी वाहन के उत्सर्जन मानक, उम्र और निजी या कमर्शियल इस्तेमाल पर निर्भर करेगी।
शेड्यूल में कार और बाइक के लिए अलग-अलग अवधि नहीं बताई गई है। ऐसे में PUC बनवाते या रिन्यू कराते समय अपनी गाड़ी की श्रेणी, उत्सर्जन मानक और उम्र के अनुसार लागू नियम जरूर जांचें।













