भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच निवेशकों का रुझान एक बार फिर सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। इसका सीधा असर बुधवार को वायदा बाजारों में देखने को मिला, जहां सोने और चांदी की कीमतें अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गईं।
MCX में चांदी ने बनाया नया इतिहास
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर मार्च डिलीवरी वाली चांदी के वायदा अनुबंधों में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई। चांदी का भाव 12,803 रुपये यानी 4.65 प्रतिशत उछलकर 2,87,990 रुपये प्रति किलोग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में तेजी और डॉलर में कमजोरी ने चांदी को मजबूती दी।
सोना भी रिकॉर्ड ऊंचाई पर
सोने के वायदा भाव में भी मजबूती देखने को मिली। MCX पर फरवरी डिलीवरी वाले सोने के अनुबंधों की कीमत 932 रुपये या 0.65 प्रतिशत बढ़कर 1,43,173 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। निवेशकों ने जोखिम भरे एसेट्स से दूरी बनाते हुए सोने में निवेश बढ़ाया।
Comex बाजार में भी उछाल
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी कीमती धातुओं ने नया कीर्तिमान स्थापित किया। Comex पर चांदी के वायदा भाव पहली बार 91 डॉलर प्रति औंस के पार चले गए। मार्च डिलीवरी वाली चांदी 5.03 डॉलर या 5.83 प्रतिशत की बढ़त के साथ 91.37 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
वहीं, Comex पर फरवरी डिलीवरी वाले सोने के अनुबंधों की कीमत 37.61 डॉलर या 0.82 प्रतिशत बढ़कर 4,636.71 डॉलर प्रति औंस दर्ज की गई।
आगे क्या रहेगा ट्रेंड?
विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक वैश्विक स्तर पर तनाव और अनिश्चितता बनी रहती है, तब तक सोना और चांदी निवेशकों के पसंदीदा विकल्प बने रह सकते हैं।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस

