राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक अग्निकांड सामने आया। हौज रानी इलाके में स्थित बहुमंजिला लेमन ग्रीन रेस्तरां में लगी भीषण आग में कम से कम 21 लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों में बड़ी संख्या विदेशी नागरिकों की भी शामिल है।
प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख
इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी बयान में कहा गया कि दिल्ली के मालवीय नगर में आग की घटना में हुई जनहानि बेहद दुखद है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे का ऐलान
पीएमओ के अनुसार, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने की स्थिति की समीक्षा
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) और CATS एम्बुलेंस सेवा की टीमों को तत्काल मौके पर रवाना किया गया।
सुबह 8:50 बजे मिली आग लगने की सूचना
दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारी ए.के. मलिक ने बताया कि विभाग को सुबह करीब 8:50 बजे आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। शुरुआती चरण में सात दमकल गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया, जिसके बाद आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त गाड़ियों को भी मौके पर तैनात किया गया।
37 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
अधिकारी के अनुसार, दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचते ही राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और इमारत में फंसे 37 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आग पर तेजी से काबू पा लिया गया, जिससे बड़े स्तर पर और नुकसान होने से बचाव हुआ।
बहुमंजिला इमारत में ठहरे थे मरीजों के परिजन
जानकारी के मुताबिक, जिस इमारत में आग लगी, उसमें बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और पांच ऊपरी मंजिलें थीं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह भवन सामान्य आवासीय परिसर के रूप में संचालित नहीं हो रहा था। यहां अधिकतर वे लोग ठहरे हुए थे, जिनके परिचितों का इलाज सामने स्थित मैक्स अस्पताल में चल रहा था।
विदेशी नागरिक भी थे मौजूद
दमकल अधिकारियों ने बताया कि इमारत में ठहरे लोगों में कुछ विदेशी नागरिक भी शामिल थे। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। बचाव कार्य पूरा होने के बाद इमारत को खाली कराकर आगे की जांच के लिए पुलिस को सौंप दिया गया है।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
