हल्द्वानी में बरेली रोड इलाके से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां बड़े भाई ने मामूली विवाद के बाद छोटे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार देर रात संदीप जायसवाल अपने घर पहुंचा और छोटे भाई सोनू जायसवाल से किसी बात को लेकर विवाद करने लगा।
देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर संदीप ने पास में रखा स्टील का लोटा उठाया और सोनू के चेहरे व सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। परिजनों के मुताबिक, आरोपी यहीं नहीं रुका। उसने सोनू का सिर बार-बार बेड पर पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सोनू पहले से ही बीमारी से जूझ रहा था और परिवार उसके इलाज में काफी पैसे खर्च कर चुका था।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी संदीप जायसवाल कोई पहली बार हत्या के आरोप में नहीं पकड़ा गया है। वर्ष 2014 में वह एक व्यापारी की हत्या के मामले में जेल जा चुका है। इसके अलावा, वह अपनी मां पर भी पहले जानलेवा हमला कर चुका है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही हल्द्वानी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। भतीजी की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस





