उत्तर भारत इस समय भीषण गर्मी और तेज लू की चपेट में है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में तापमान लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने कई इलाकों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
यूपी में सबसे गर्म रहा बांदा, कई जिलों में रेड अलर्ट
उत्तर प्रदेश का बांदा जिला सबसे ज्यादा गर्म दर्ज किया गया, जहां तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। IMD ने बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, फतेहपुर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, हमीरपुर, जालौन, महोबा और झांसी के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक इन इलाकों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रह सकता है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं।
दिल्ली-NCR में लू का कहर, 5 दिन का ऑरेंज अलर्ट जारी
दिल्ली-NCR में भीषण गर्मी ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से तेज हीटवेव का असर देखा जा रहा है। हालात को देखते हुए IMD ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट को बढ़ाकर ऑरेंज अलर्ट कर दिया है।
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी का तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच सकता है। अगले दो दिनों तक गंभीर हीटवेव की स्थिति बनी रहने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा इस पूरे सप्ताह दिन का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से नीचे जाने की उम्मीद बेहद कम है।
राजस्थान, पंजाब और महाराष्ट्र में भी गर्मी का प्रहार
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कई इलाकों में रात का तापमान भी 30 डिग्री से ऊपर बना हुआ है, जिससे लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल रही।
पंजाब और हरियाणा में भी पारा 47 डिग्री के करीब पहुंच गया है। वहीं महाराष्ट्र के अकोला, अमरावती और वर्धा में भीषण लू को लेकर चेतावनी जारी की गई है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, ज्यादा पानी पीने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।
देशभर में मौसम का डबल अटैक
देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के दो अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर बना हुआ है, तो दूसरी ओर कुछ राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
IMD के अनुसार पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और विदर्भ में गंभीर हीटवेव का खतरा बना रहेगा। वहीं बिहार, ओडिशा, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में उमस और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं।
इसके उलट पूर्वोत्तर भारत, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और अंडमान-निकोबार में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी है।
भारत में बढ़ रहा हीटवेव का खतरा
विशेषज्ञों का मानना है कि भारत में हीटवेव की घटनाएं पहले की तुलना में ज्यादा लंबी और खतरनाक होती जा रही हैं। एक हालिया अध्ययन में सामने आया है कि एल नीनो-सदर्न ऑसिलेशन (ENSO) चरम तापमान और लू की स्थिति को और गंभीर बना रहा है।
रिसर्च के अनुसार एल नीनो वाले वर्षों में उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में तापमान असामान्य रूप से बढ़ जाता है। इससे हीटवेव की अवधि लंबी हो जाती है और इसका असर बड़े क्षेत्रों तक दिखाई देता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन के बढ़ते खतरे के बीच ENSO को समझना बेहद जरूरी हो गया है, ताकि समय रहते हीटवेव की सटीक भविष्यवाणी की जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
इसे भी पढ़े-महाराष्ट्र संकट पर बड़ा फैसला, अब 5 जजों की संविधान पीठ करेगी सुनवाई
हमारे फेसबुक पेज से जुड़ने के लिए


