राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) इन दिनों रंगमंच की गतिविधियों से अधिक अपने प्रशासनिक विवाद को लेकर चर्चा में है। कार्यवाहक चेयरमैन डॉ. भरत गुप्त को केंद्र सरकार ने तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है। संस्कृति मंत्रालय ने NSD सोसायटी से उनकी सदस्यता भी वापस ले ली।
कार्रवाई के लिए मंत्रालय ने प्रशासनिक आधार का हवाला दिया, लेकिन विस्तृत कारण सार्वजनिक नहीं किए। डॉ. भरत गुप्त कला, संस्कृति और नाट्यशास्त्र के विश्वविख्यात विद्वान हैं। वर्ष 2025 में उनके योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।
विवाद की शुरुआत दो संविदाकर्मियों की सेवाएं समाप्त करने से हुई
इस प्रकरण की शुरुआत NSD निदेशक चित्तरंजन त्रिपाठी और कार्यवाहक चेयरमैन भरत गुप्त के बीच टकराव से हुई। निदेशक ने 9 नवंबर को दो संविदाकर्मियों की सेवाएं समाप्त करने का आदेश जारी किया था। इनमें भरत गुप्त के निजी सचिव डॉ. कन्हैया झा और NSD के सलाहकार प्रदीप कुमार शामिल थे।
बताया गया कि दोनों की सेवाएं गुमनाम मौखिक आधार पर समाप्त की गई थीं। भरत गुप्त ने आदेश की प्रति मांगी, लेकिन निदेशक लिखित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए। गुप्त ने फैसले पर आपत्ति जताते हुए संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से हस्तक्षेप की मांग की।
100 संविदाकर्मियों में सिर्फ दो पर कार्रवाई क्यों?
भरत गुप्त का कहना था कि संस्थान में करीब 100 संविदाकर्मी कार्यरत हैं, फिर कार्रवाई केवल दो कर्मचारियों पर क्यों की गई? उन्होंने यह भी कहा कि दोनों कर्मचारियों का कार्यकाल पहले बढ़ाया जा चुका था। विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने कार्यालय आना बंद कर दिया।
26 नवंबर को गुप्त ने निदेशक के आदेश को निष्प्रभावी करने के लिए दो पत्र जारी किए। इसके कुछ घंटों बाद मंत्रालय ने उनकी सदस्यता वापस लेने का निर्णय सुना दिया।
संस्कृति मंत्रालय की भूमिका पर उठे सवाल
इस पूरे मामले में संस्कृति मंत्रालय की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। यदि निदेशक और चेयरमैन के बीच अधिकारों को लेकर विवाद था, तो दोनों पक्षों के बीच संवाद कर समाधान निकालने की कोशिश क्यों नहीं हुई? भरत गुप्त की शिकायतों पर समय रहते जवाब क्यों नहीं दिया गया? क्या कर्मचारियों की सेवा समाप्ति के कारणों की जांच हुई? यदि गुप्त के आदेश नियमों के विरुद्ध थे, तो मंत्रालय ने उसका आधार सार्वजनिक क्यों नहीं किया?
NSD के नेतृत्व और नियुक्ति व्यवस्था पर बहस
NSD देश का शीर्ष रंगमंच संस्थान है। इसके चेयरमैन की नियुक्ति राष्ट्रपति द्वारा की जाती है। संस्थान की सोसायटी में थिएटर विशेषज्ञों, नाटककारों और संस्कृति जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों को प्रतिनिधित्व देने की व्यवस्था है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि संस्थान के शीर्ष पदों पर फैसले ब्यूरोक्रेट या मंत्री ले रहे हैं?
क्या रंगमंच के अनुभवी निर्देशकों, कलाकारों और विद्वानों की कमी है? प्रशासनिक अनुभव महत्वपूर्ण है, लेकिन क्या सरकारी नियमों और फाइलों की समझ रंगमंच का नेतृत्व करने के लिए पर्याप्त है? NSD के पूर्व अध्यक्षों में शांता गांधी, विजया मेहता, रतन थियाम, अमल अल्लाना और परेश रावल जैसी हस्तियां शामिल रही हैं।
रंगमंच संवाद, अभिव्यक्ति और रचनात्मक स्वतंत्रता पर आधारित है। ऐसे संस्थान में आदेश, अधिकारों का टकराव और पद से हटाने की कार्रवाई संस्कृति मंत्रालय की कार्यशैली पर सवाल खड़े करती है। आखिर NSD में नाटक मंच पर होना चाहिए या प्रशासनिक गलियारों में?














