प्रोविडेंट फंड (PF) खाताधारकों के लिए राहत की खबर है। जल्द ही पीएफ खाते से पैसा निकालने के लिए लंबी ऑनलाइन प्रक्रिया से छुटकारा मिल सकता है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) दिसंबर 2026 के अंत तक यूपीआई (UPI) के जरिए पीएफ निकालने की सुविधा शुरू कर सकता है। इसके तहत कर्मचारी अपने खाते से मंजूर रकम सीधे बैंक खाते में प्राप्त कर सकेंगे।
बिजनेस स्टैंडर्ड की रिपोर्ट के मुताबिक, इस सुविधा में शुरुआत में कम से कम 1,000 रुपये निकालने की सीमा रखी जा सकती है। इसका उद्देश्य छोटी रकम निकालने के लिए बार-बार आने वाले आवेदनों को कम करना है। यह सुविधा EPFO के डिजिटल बदलाव प्रोजेक्ट EPFO 3.0 का हिस्सा है।
दिसंबर के अंत तक शुरू हो सकती है सुविधा
रिपोर्ट के अनुसार, EPFO इस सुविधा को दिसंबर 2026 के आखिर तक शुरू करने की तैयारी कर रहा है। तकनीक विकसित की जा चुकी है और दो चरणों में अलग-अलग यूजर समूहों के साथ टेस्टिंग भी हुई है। परीक्षण के दौरान सामने आई तकनीकी खामियों को दूर कर लिया गया है।
हालांकि, नए सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म सेंट्रलाइज्ड आईटी इनेबल्ड सिस्टम 2.0 (CITES 2.0) पर जाने के दौरान कुछ तकनीकी दिक्कतें अभी बाकी हैं। इनके समाधान के बाद ही सुविधा शुरू हो सकेगी। टेस्टिंग के दौरान 102 पीएफ क्लेम निपटाए गए और करीब 4.97 लाख रुपये लाभार्थियों के खातों में तुरंत ट्रांसफर किए गए।
UPI से कैसे निकाल सकेंगे PF का पैसा?
नई सुविधा शुरू होने पर खाताधारक BHIM ऐप के जरिए पीएफ से मंजूर रकम सीधे बैंक खाते में मंगा सकेंगे। क्लेम मंजूर होते ही यूपीआई के माध्यम से रकम ट्रांसफर की जा सकेगी, जिससे बैंक खाते में पैसा आने के लिए अलग से लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।हालांकि, पीएफ निकासी के मौजूदा नियम और पात्रता शर्तें लागू रहेंगी। कर्मचारी किसी भी समय अपनी पूरी रकम मनमाने तरीके से नहीं निकाल सकेंगे।
PF निकालने पर 1,000 रुपये की न्यूनतम सीमा क्यों?
EPFO शुरुआत में कम से कम 1,000 रुपये निकासी की सीमा रखने पर विचार कर रहा है। इसका मकसद 100, 200 या 500 रुपये जैसी छोटी रकम के लिए बार-बार आने वाले आवेदनों को कम करना है। ऐसे आवेदन सिस्टम पर काम का बोझ बढ़ाते हैं। न्यूनतम सीमा से क्लेम की संख्या और प्रोसेसिंग का काम घटाया जा सकेगा। हालांकि, यह प्रस्तावित सीमा है और अंतिम नियम सुविधा शुरू होने पर स्पष्ट होंगे।
10 बड़ी बातें: UPI से PF निकालने की सुविधा में क्या खास?
- EPFO यूपीआई के जरिए पीएफ निकालने की सुविधा शुरू कर सकता है।
- सुविधा दिसंबर 2026 के अंत तक शुरू होने की संभावना है।
- मंजूर रकम सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर की जा सकेगी।
- इस सुविधा में BHIM ऐप का इस्तेमाल किया जाएगा।
- शुरुआत में न्यूनतम 1,000 रुपये निकासी की सीमा प्रस्तावित है।
- यह EPFO के डिजिटल प्रोजेक्ट EPFO 3.0 का हिस्सा है।
- सुविधा की तकनीक विकसित की जा चुकी है।
- दो चरणों में यूजर्स के समूहों के साथ टेस्टिंग की गई है।
- टेस्टिंग के दौरान 102 पीएफ क्लेम निपटाए गए।
- निकासी के मौजूदा नियम और पात्रता शर्तें लागू रहेंगी।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
हमारे फेसबुक पेज से जुड़ने के लिए क्लिक करें












