शहर के गोरापड़ाव इलाके से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक गाय ने ऐसी बछिया को जन्म दिया है, जिसके दो मुंह, तीन आंखें और तीन कान हैं। इस दुर्लभ घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुटने लगी। लोग इस अनोखी बछिया को देखने के लिए उत्सुक नजर आए।
प्रसव के दौरान आई कई परेशानियां
जानकारी के मुताबिक गोरापड़ाव के डी-क्लास क्षेत्र निवासी महेश चंद्र बचकेती और हंसी बचकेती के घर बुधवार शाम करीब पांच बजे गाय ने इस बछिया को जन्म दिया। पशुपालकों ने बताया कि प्रसव सामान्य नहीं था और बछिया को बाहर निकालने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
मौके पर पहुंचे पशु चिकित्सक ने काफी मेहनत के बाद सुरक्षित प्रसव कराया। बताया जा रहा है कि बछिया की शारीरिक संरचना सामान्य से अलग होने के कारण यह प्रक्रिया बेहद चुनौतीपूर्ण रही।

