वित्तीय बाजारों में अनिश्चितता बढ़ने के साथ सुरक्षित निवेश साधनों की मांग तेज हुई है। इस माह चांदी ने ऐसा रिकॉर्ड बनाया जिसने सोने को भी पीछे छोड़ दिया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सिल्वर के दाम 2 लाख रुपये प्रति किलो के करीब पहुंचकर ऐतिहासिक स्तर छूने लगे हैं। दिसंबर में कुछ कारोबारी सत्रों में ही चांदी हजारों रुपये प्रति किलो उछली और निवेशकों तथा ट्रेडरों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करती रही।
औद्योगिक मांग से चांदी की चमक और तेज
विशेषज्ञों का कहना है कि चांदी की तेज रफ्तार की सबसे बड़ी वजह वैश्विक औद्योगिक मांग है। इलेक्ट्रिक वाहन, सोलर पैनल, सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर और उच्च तकनीकी डिवाइसों में सिल्वर का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। हरित ऊर्जा की ओर दुनिया के बढ़ते कदमों ने चांदी को तकनीकी उद्योग का अहम हिस्सा बना दिया है।
इसी बीच, सप्लाई सीमित होती जा रही है और लीज रेट्स बढ़ रहे हैं, जो वैश्विक स्तर पर चांदी की उपलब्धता कम होने का संकेत देते हैं। परिणामस्वरूप कीमतों में तेज उछाल देखने को मिल रहा है।
फेड की दर कटौती से डॉलर कमजोर, चांदी को मिला सपोर्ट
अमेरिकी फेडरल रिज़र्व द्वारा लगातार तीसरी बार 25 बेसिस प्वाइंट ब्याज दर में कटौती के बाद डॉलर में कमजोरी आई है। डॉलर कमजोर होने से सोना और चांदी जैसी कीमती धातुओं में निवेश बढ़ता है। इस सप्ताह चांदी ने एक दिन में 6,595 रुपये की छलांग लगाते हुए 1,85,488 रुपये प्रति किलो का नया रिकॉर्ड बनाया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सिल्वर 61 डॉलर प्रति औंस के ऊपर पहुंच गई, जो अब तक के उच्चतम स्तरों में शामिल है।
घरेलू बाजार में बढ़ी डिमांड ने भी चढ़ाया भाव
भारत में रुपये की कमजोरी, त्योहारों और शादियों के सीजन में बढ़ी खरीदारी, तथा सिल्वर ETFs में बढ़ते इनफ्लो ने भी चांदी की कीमतों को तेजी से ऊपर धकेला है। निवेशक जोखिम भरे माहौल में सुरक्षित विकल्प के रूप में चांदी को चुन रहे हैं, जिससे इसकी मांग और मजबूती से बढ़ रही है।
क्या 2 लाख रुपये/किलो का स्तर टूटेगा?
मौजूदा घरेलू और वैश्विक हालात को देखते हुए विशेषज्ञों की राय है कि चांदी की चमक फिलहाल कम होती दिखाई नहीं दे रही। अब निवेशकों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या सिल्वर 2 लाख रुपये प्रति किलो का स्तर पार करेगी या फिर तेजी के बाद मुनाफावसूली से थोड़ी नरमी देखने को मिलेगी।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस

